कोटा स्टेशन का प्लेटफॉर्म-3 पुनर्विकास के लिए कल से 20 दिन रहेगा ब्लॉक

0
29

चार ट्रेनें सोगरिया होकर चलेंगी; तीन ट्रेनें सोगरिया तक और एक वहीं से होगी रवाना

कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर पुनर्विकास कार्य के लिए 29 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक कुल 20 दिनों का ब्लॉक लिया जाएगा। इस अवधि में प्लेटफॉर्म-3 ट्रेनों के आवागमन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। ऐसे में यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए रेलवे ने ट्रेनों के संचालन में होने वाले संभावित बदलाव की अग्रिम योजना तैयार की है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ब्लॉक के दौरान प्लेटफॉर्म-3 पर आने वाली ट्रेनों को आवश्यकता और उपलब्धता के अनुसार प्लेटफॉर्म संख्या 4, 2, 1, 1-ए अथवा अन्य उपलब्ध प्लेटफॉर्म से संचालित किया जाएगा।

  • चार ट्रेनें कोटा स्टेशन नहीं आएंगी: ब्लॉक अवधि में गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर-भोपाल, 14814 भोपाल-जोधपुर, 12181 जबलपुर-अजमेर और 12182 अजमेर-जबलपुर को परिवर्तित मार्ग से सोगरिया होकर चलाने की योजना है। ये चारों ट्रेनें इस दौरान कोटा स्टेशन नहीं आएंगी।
  • सोगरिया से बदलेगा चार ट्रेनों का संचालन: गाड़ी संख्या 19812 इटावा-कोटा, 22984 इंदौर-कोटा और 61634 बीना-कोटा को कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर यात्रा समाप्त कराने की योजना है। वहीं गाड़ी संख्या 61633 कोटा-बीना को कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन से रवाना किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह यात्रियों को पहले से सतर्क और यात्रा की योजना बनाने में मदद करने के लिए अग्रिम सूचना है। ब्लॉक की तिथि एवं अवधि तय होने के बाद प्रभावित ट्रेनों और प्लेटफॉर्म संबंधी विस्तृत सूचना अलग से जारी की जाएगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि ब्लॉक अवधि में स्टेशन आने से पहले एनटीईएस, रेल मदद 139 अथवा स्टेशन सूचना प्रणाली से अपनी ट्रेन और प्लेटफॉर्म की अद्यतन जानकारी अवश्य जांच लें।