गीता भवन में 1 जून से शुरू होगा 11 दिवसीय धर्म संस्कार शिविर, रजिस्ट्रेशन शुरू

0
5

कोटा। महाराजा श्री अग्रसेन सोशल ग्रुप के तत्वावधान में 1 जून से 11 जून तक गीता भवन परिसर में ‘धर्म संस्कार शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। ग्रुप के चेयरमैन संजय गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले इस 11 दिवसीय शिविर का समय प्रतिदिन प्रातः 7 से 9:30 बजे तक रहेगा।

चेयरपर्सन पुष्पा गर्ग ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सुमार्ग के माध्यम से बच्चों और युवाओं को संस्कारवान बनाना है। खेल-खेल में साधना, जीवनोपयोगी कार्य, उन्नत जीवनशैली का विकास तथा पेड़-पौधे व जल संरक्षण जैसी पर्यावरण अनुकूल आदतें सिखाना इस शिविर का मुख्य आकर्षण होगा।

​संभागीय महामंत्री सपना गोयल ने जानकारी दी कि शिविर में सभी प्रशिक्षण पूरी तरह से निःशुल्क रहेंगे। जिन्हें अनुभवी आचार्यों द्वारा सिखाया जाएगा। कार्यक्रम के को-फाउंडर अंशु अग्रवाल (डायरेक्टर, ओजीएल मिरेकल इंटरनेशनल) के सहयोग से विशेष प्रशिक्षित आचार्यों को आमंत्रित किया गया है।

स्वास्थ्य लाभ के लिए योगाचार्य माया अग्रवाल योग अभ्यास कराएंगी। वहीं गुरुमाता रेणु गोयल एरोबिक्स के माध्यम से शरीर के विभिन्न दर्दों से निजात दिलाएंगी। इसके अलावा, मर्म चिकित्सक डॉ. परमानंद गर्ग 11 दिनों तक विभिन्न रोगों के उपचार की विधि सिखाएंगे।

​शिविर में कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया गया है। जिलाध्यक्ष कमलेश गोयल मीठे-नमकीन व्यंजनों की रेसिपी सिखाएंगी, निकीता अग्रवाल ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण देंगी और उषा अग्रवाल द्वारा मेहंदी, चित्रकला व वाद-विवाद का अभ्यास कराया जाएगा।

आध्यात्मिक व बौद्धिक विकास के लिए ज्योतिषाचार्य आदित्य कुमार शास्त्री वैदिक गणित व नक्षत्र विज्ञान सिखाएंगे। धर्माचार्य पंडित श्रवण कुमार पूजा विधि की बारीकियां बताएंगे तथा गुरुमाता अर्चना शेखावत आत्म-विकास का पाठ पढ़ाएंगी।

​जिलाध्यक्ष राजकुमार गोयल और महामंत्री राजेश गोयल (मलारणा डूंगर) ने बताया कि स्वरोजगार और संस्कारों से जुड़ने के लिए अब तक 48 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। जिसे देखते हुए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 1 जून तक बढ़ा दी गई है।

गीता सत्संग समिति के महामंत्री रामेश्वर विजय के अनुसार, इच्छुक प्रतिभागी सायंकाल 5 से 6 बजे के बीच गीता भवन पुस्तकालय में सपना गोयल से मिलकर अपना निःशुल्क रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।

व्यवस्था प्रभारी के रूप में पुष्पा गर्ग, रेणु गोयल, सपना गोयल, ममता मित्तल, कमलेश गोयल, उषा अग्रवाल, संजय अग्रवाल और राजेश गोयल कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं।