कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म 3A पर 19 से 25 तक ब्लॉक, ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव

0
15

कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के तहत प्लेटफॉर्म-3 पर लिया गया 20 दिवसीय ब्लॉक 18 अक्टूबर को पूरा हो जाएगा। इसके बाद अगले चरण में 19 अक्टूबर से प्लेटफॉर्म-3A पर पुनर्विकास कार्य किया जाएगा। इसके लिए 19 अक्टूबर को प्रातः 08:00 बजे से 25 अक्टूबर की रात्रि 24:00 बजे तक सात दिन का ब्लॉक लिया गया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि ब्लॉक अवधि में प्लेटफॉर्म-3A ट्रेन संचालन के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा। यात्रियों की सुविधा एवं सुचारु रेल परिचालन के लिए इस प्लेटफॉर्म से संचालित होने वाली ट्रेनों को अन्य उपलब्ध प्लेटफॉर्म से लिया जाएगा।

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार गाड़ी संख्या 61624 कोटा–उज्जैन मेमू, 19820 कोटा–वडोदरा एक्सप्रेस तथा 19819 वडोदरा–कोटा एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म-3 अथवा परिचालन आवश्यकता के अनुसार अन्य उपलब्ध प्लेटफॉर्म से संचालित किया जाएगा।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 59837 अकलेरा–कोटा पैसेंजर एवं 59840 कोटा–अकलेरा पैसेंजर को प्लेटफॉर्म-4 अथवा अन्य उपलब्ध प्लेटफॉर्म से संचालित किया जाएगा। वहीं गाड़ी संख्या 19818 यमुना ब्रिज आगरा–रतलाम एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म-1A अथवा अन्य उपयुक्त उपलब्ध प्लेटफॉर्म से लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि प्लेटफॉर्म-3 पर पुनर्विकास कार्य के लिए 29 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक 20 दिन का ब्लॉक लिया गया था। इसका कार्य पूरा होने के बाद अब चरणबद्ध रूप से प्लेटफॉर्म-3A पर कार्य किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि 19 से 25 अक्टूबर के दौरान कोटा स्टेशन पहुंचने पर अपनी ट्रेन के प्लेटफॉर्म की जानकारी स्टेशन डिस्प्ले बोर्ड एवं उद्घोषणा प्रणाली से अवश्य जांच लें, क्योंकि परिचालन आवश्यकता के अनुसार प्लेटफॉर्म में परिवर्तन किया जा सकता है।