कोटा में बोले सीएम भजनलाल शर्मा, पंचायत चुनाव में भी जोड़ना है तीसरा इंजन

0
6

कोटा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जनता विकास चाहती है। इसलिए नगरीय निकाय में एक इंजन जोड़ा है। इसी तरह पंचायती राज चुनाव में ​ट्रिपल इंजन जोड़ना है।

सीएम शर्मा ने यह बात हाड़ौती के दौरे के तहत मंगलवार को कोटा में बीजेपी के निर्माणाधीन कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। यह सम्मान समारोह नवनियुक्त महापौर अनुसुइया गोस्वामी और डिप्टी मेयर विवेक राजवंशी की तरफ से आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र राज्य की योजनाओं और विकास का पैसा पंचायत और नगरीय निकायों के जरिए ही नीचे पहुंचता है। इसीलिए हमें पंचायत चुनाव में भी अब भारतीय जनता पार्टी को जिताकर आगे भेजना है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दावा किया कि जनता को केवल एक राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी पर ही विश्वास है। जनता का हर काम में सहयोग हमें करना है। शहर के चुनाव खत्म हो गए हैं, यहां पर जीते हुए पार्षद हों या प्रत्याशी रहे कार्यकर्ता, सभी को जिला परिषद और पंचायत समिति का एक-एक वार्ड संभालना है। वहां पर भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाना है। इसीलिए पंचायत राज के चुनाव को भी जिता कर लाएं।

उन्होंने कहा कि देश में 10 अंतरराज्यीय जल समझौते हुए हैं, उनमें 4 राजस्थान के हैं। मध्य प्रदेश से पीकेसी-ईआरसीपी का समझौता राजस्थान ने किया है। यह एक लाख करोड़ की योजना है, इसका काम शुरू हो गया है।

सीएम ने कहा कि दूसरा समझौता यमुना को लेकर है, जो हरियाणा से हुआ है। यह 35 हजार करोड़ की योजना है। तीसरा हमारा समझौता नर्मदा को लेकर हुआ है, जिसमें महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा चार स्टेट हैं। इसके अलावा किसाऊ डैम समझौता छह राज्यों का है, जिसमें उत्तराखंड, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं।

कांग्रेस पर साधा निशाना: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में वन स्टेट इलेक्शन का संकल्प हमने पूरा कर दिया है, जिसका एक चरण हमने पूरा कर दिया है और दूसरा चरण पंचायत राज का भी हम करने वाले हैं।

कांग्रेस चुनाव हारने पर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाती है, जिनका कोई प्रमाण नहीं है, लेकिन केवल आरोप लगाना ही उनका काम है। मैं कांग्रेस नेताओं से कहता हूं कि अपनी गिरेबान में झांके। कांग्रेस के नेता कहते हैं कि मुख्यमंत्री रोड शो कर रहे हैं, फिर कहते हैं कि हम लोगों को भी रोड शो करना चाहिए था।

क्या लैंग्वेज है, यह समझ नहीं आ रही है। इन सब से कुछ नहीं होगा। जमीन पर आकर के काम करें और अपनी स्थिति को जमीन पर जाकर देखें, तभी काम चलेगा, देश और प्रदेश की जनता तभी सुनेगी।

इसके पहले एयरपोर्ट पर मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, कल्पना देवी, महापौर अनुसुइया गोस्वामी, जिला अध्यक्ष राकेश जैन, देहात प्रेम गोचर समेत अन्य नेताओं ने स्वागत किया। इसके बाद कोरल पार्क स्थित निजी कोचिंग संस्थान के सभागार में पंचायत चुनाव की तैयारियों व संगठन की गतिविधियों की बैठक ली। चुनावी रणनीति को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा की गई।