कोटा के गांव-गांव मे दो लाख सदस्य बनाएगा भारतीय किसान संघ

118

कोटा। भारतीय किसान संघ जिला कोटा की बैठक गुरुवार को मानव विकास भवन कोटा में जिला अध्यक्ष गिरिराज चौधरी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस दौरान प्रदेश मंत्री जगदीश कलमण्डा व प्रान्त महामंत्री अम्बालाल शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में आगामी दिनों में सदस्यता अभियान चलाने पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ कोटा जिले के गाँव गाँव मे दो लाख सदस्य बनाएगा।

भारतीय किसान संघ के प्रान्त महामंत्री अम्बालाल शर्मा ने भारतीय किसान संघ के संस्थापक दंतोपंत ठेंगड़ी के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 4 मार्च 1979 को राजस्थान के कोटा में 600 किसान की मौजूदगी में भारतीय किसान संघ की स्थापना की थी, उन्हें 4 भाषाओं का ज्ञान था।

समापन सत्र में प्रदेश मंत्री जगदीश कलमण्डा ने संबोधित करते हुए कहा कि 2024 का वर्ष संगठन के कार्य विस्तार की दृष्टि से अति महत्वपूर्ण है। इस वर्ष भारतीय किसान संघ की सदस्यता का बृहद अभियान प्रारंभ किया जाना है।

वर्तमान समय में अखिल भारतीय स्तर से लेकर ग्राम समिति तक के कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान में सजगता, समर्पण व परिश्रम से कार्य करना होगा। तब ही एक लाख गांवों तक पहुँचकर एक करोड़ की सदस्यता के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

जिला बैठक के विभिन्न सत्रों में भारतीय किसान संघ के महत्वपूर्ण बिंदुओं, संगठन, आंदोलन व रचनात्मक कार्यक्रमों पर समीक्षात्मक चर्चा व चिंतन किया गया। जिसमें जिला भर से आए किसान प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

विशेष संपर्क अभियान चलाकर भारतीय किसान संघ से जोड़ने की रणनीति बनाई गई। प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता ने कहा कि वर्तमान व संभावित चुनौतियों में किसान संघ के शीर्षस्थ नेतृत्व पर बड़ी जिम्मेदारी है।

इस बात को ध्यान में रखते हुए सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी कार्य व्यवस्था बनाकर व्यवस्था परिवर्तन से सामाजिक परिवर्तन करते हुए सकारात्मक विमर्श खड़ा करना होगा। भारतीय किसान संघ को अपनी रीति नीति व सिद्धांतों पर चलकर कृषि व किसान समृद्वि प्राप्त करे व देश को वैश्विक स्तर पर समृद्धशाली बनाने के अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होना पड़ेगा। हमारा उद्देश्य किसी को पीछे करना नहीं है। मेहनत करके संगठन को आगे बढ़ाना है। निर्वाचन के समय किसान ही केंद्र बिंदु होता है, लेकिन वास्तविक लाभ किसानों को नहीं मिल पाता देश भर में 70 करोड़ किसान है।

जिला अध्यक्ष गिरिराज चौधरी ने कहा कि कोटा जिला में कुल 164 ग्राम पंचायत के 810 गांव हैं। जिनमें से 600 गांवो तक हमारा संपर्क है, 310 गाँवो में भारतीय किसान संघ की समिति है। कोटा जिला में भारतीय किसान संघ गाँव गाँव में दो लाख सदस्य बनाएगा, लेकिन कार्यकर्ताओं को प्रवास करना पड़ेगा। जिले के सभी तहसील अध्यक्ष, मंत्री प्रत्येक पंचायत व गाँव तक प्रवास करे। बैठक का संचालन जिला मंत्री देवीशंकर गोचर ने किया।

इस दौरान प्रान्त प्रचार प्रमुख आशीष मेहता, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़, मुकुट बिहारी नागर, कोषाध्यक्ष रूपनारायण यादव, सम्भाग उपाध्यक्ष रमेश चंद नागर, सम्भाग महिला प्रमुख रमा शर्मा, सह मंत्री पवन शर्मा, जिला प्रचार प्रमुख गिरजाशंकर गुप्ता, युवा प्रमुख जितेन्द्र कुमार, गौ सेवा प्रमुख लक्ष्मीचंद, कोटा शहर अध्यक्ष महावीर नागर, कजोड़ी लाल मीणा, अश्विनी जैन, जगदीश यादव, राजेन्द्र नागर, शिवराज योगी सहित सभी तहसीलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।