कोटा। कोटा नगर निगम के मेयर चुनाव में भाजपा की अनुसुइया गोस्वामी ने कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता सुमन को हराया। अनुसुइया को कुल 65 वोट मिले, जबकि सुनीता सुमन के पक्ष में 35 वोट पड़े। चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।
यहां कांग्रेस के कुछ पार्षदों की ओर से क्रॉस वोटिंग किए जाने की बात सामने आई है। कांग्रेस के 39 पार्षद जीते थे, जबकि एक निर्दलीय ने कांग्रेस में शामिल होकर समर्थन दिया था। ऐसे में साफ है कि कांग्रेस के पांच पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग की है।
मेयर बनने के बाद अनुसुइया गोस्वामी पदभार ग्रहण करने पहुंचीं। इस दौरान वह भावुक नजर आईं। पदभार संभालने से पहले उन्होंने मेयर की टेबल को प्रणाम किया। वहीं, पदभार ग्रहण करने पहुंच रही नई मेयर के लिए पुरानी कुर्सी हटाकर नई कुर्सी लगाई गई।
जीतने के बाद मीडिया से बातचीत में अनुसुइया ने कहा कि कहकर नहीं करके ही बताएंगी। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के कैडर वाली कार्यकर्ता रहीं हैं। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आभार जताया है।
उन्होंने कहा कि ‘मैं जमीन से जुड़ी हुई कार्यकर्ता रही हूं। हमारे सभी पार्षद और अधिकारी मिलकर नगर निगम को काफी आगे लेकर जाएंगे। क्रॉस वेटिंग पर उन्होंने कहा कि दूसरे पार्षदों ने भी भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि वो किसी के संपर्क में नहीं थी। पार्षद प्रत्याशियों पर भी पूरा विश्वास था। किसी को भी बाड़ेबंदी में नहीं रखा गया था।
कौन है अनुसुइया गोस्वामी
अनुसुइया वार्ड नंबर 98 से चुनाव जीती थीं। चुनाव में अनुसुइया गोस्वामी को 1549 वोट मिले थे, जबकि उनकी सीधी टक्कर कांग्रेस प्रत्याशी आयुष पारेता से थी, जिन्हें 1158 वोट मिले थे। इस तरह अनुसुइया ने 391 वोटों से जीत दर्ज की थी। अनुसुइया गोस्वामी के पति शिवराज गोस्वामी हैं, जो फाइनेंस का काम करते हैं। इसके साथ ही हॉस्टल संचालक भी हैं। अनुसुइया गोस्वामी स्वरोजगार करती हैं। इसके अलावा होलसेल और रिटेल ट्रेड व्यवसाय भी वह करती हैं। उनकी तीन बेटियां और एक बेटा है. इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है। अनुसुइया लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रही हैं और पिछले कार्यकाल में महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। वर्तमान में वो भाजपा की प्रदेश मंत्री भी रही हैं।
करोड़ों की मालकिन है अनुसुइया
बीजेपी कैंडिडेट अनुसुइया गोस्वामी करोड़पति हैं। उनकी चल संपत्ति 89,63,846 रुपए है, जबकि अचल संपत्ति 75 लाख है. ऐसे में कुल संपत्ति 1,64,63,846 रुपए की है। उन पर ऋण 39,81,145 रुपए है। उनके व पति के पास तीन गाड़ियां हैं। इनमें एक की कीमत दो लाख रुपए है, जबकि दो लग्जरी एसयूवी है, जो 13 और 35 लाख रुपए की है। नए कोटा की मल्टी स्टोरी में फ्लैट है। उनके पास 200 ग्राम सोना व पति के पास 50 ग्राम सोना है।
कोटा में चौथी महिला महापौर
कोटा नगर निगम बनने के बाद सबसे पहले साल 1994 में भारतीय जनता पार्टी की सुमन श्रृंगी महापौर बन गईं थी। इनके बाद साल 2009 में महापौर पद के लिए सीधे चुनाव हुए थे। इसमें डॉ. रत्ना जैन महापौर चुनी गईं थी। हालांकि, इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के ज्यादा पार्षद जीते थे। इसके बाद साल 2020 में हुए नगर निगम चुनाव में दो नगर निगम कोटा में बन गई थी, जिनमें कोटा उत्तर नगर निगम से मंजू मेहरा महापौर चुनी गईं थी। साल 2025 में एक नगर निगम करने के आदेश जारी हो गए थे. अब हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के अनुसुइया गोस्वामी महापौर चुनी गईं हैं।

