कनवास उपखंड में ऊर्जा मंत्री 86 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

0
6

कनवास। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को अपराह्न 2 बजे आवां-कनवास रोड स्थित दूधियाखेड़ी माताजी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को 86.40 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात देंगे।

समारोह में कोटा जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, पंचायत समिति सांगोद के प्रधान जयवीर सिंह तथा उप प्रधान ओम नागर (अडूसा) सहित क्षेत्र के कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समारोह के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 2.20 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित 4 उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों – ग्राम मदारिया (55 लाख रुपए), काल्याकुई (55 लाख रुपए), मोरूखुर्द (55 लाख रुपए) एवं ढोटी (55 लाख रुपए) का लोकार्पण किया जाएगा।

इससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा। इसके साथ ही जल संसाधन विभाग द्वारा कृषि एवं सिंचाई सुविधा को बढ़ावा देने हेतु ग्राम बास्याहेड़ी में 4.78 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित एमएसटी (कांकरिया) सौर ऊर्जा आधारित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना का भी लोकार्पण किया जाएगा।

सड़क, पुलिया एवं अटल प्रगति पथ का लोकार्पण
क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से 27.66 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण निर्मित 16 महत्वपूर्ण सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्यों का लोकार्पण होगा। इनमें देवली में अरू नदी पर आरसीसी पुलिया व नाला निर्माण (6 करोड़), ढोटी में अरू नदी पर पुलिया (4 करोड़), काठोन में अरू नदी पर पुलिया (4.50 करोड़) तथा कनवास में आवां चौराहे से धुलेट रोड होते हुए राजकीय महाविद्यालय तक निर्मित अटल प्रगति पथ (2 करोड़) शामिल हैं।

पंचायती राज एवं बुनियादी ढांचा विकास
ग्रामीण विकास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पंचायत समिति सांगोद की कनवास उपखंड अंतर्गत 18 ग्राम पंचायतों में वर्ष 2022 से 2026-27 के मध्य स्वीकृत एवं निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। पंचायत समिति मद, जिला परिषद मद, ग्राम पंचायत मद, मनरेगा एवं अन्य योजनाओं के तहत कुल 42.51 करोड़ रुपए की लागत से ये बुनियादी विकास कार्य संपन्न कराए गए हैं।

सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास
भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से 9.25 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से बनने वाली 12 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इसमें सावनभादौ से कनवास के रास्ते पर पुलिया निर्माण (2 करोड़), मंगलपुरा से बंजारा बस्ती तक डामरीकरण सड़क (1.50 करोड़) तथा गिरधरपुरा से गुन्जारा, खजूरी से बृजलिया, दाता से मदारियां सहित विभिन्न ग्रामीण मार्गों पर जीएसबी सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होगा।