आपदा राहत की राशि किसानों के खातों में जमा होगी, किसानों का आन्दोलन समाप्त

0
4

कोटा/ बकानी। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) एवं आपदा राहत (मुआवजा) की स्वीकृत राशि किसानों के खातों में जमा कराने की मांग को लेकर जिलेभर के तहसील मुख्यालयों पर पिछले छह दिनों से चल रहे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन ने आज सफलता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है।

किसानों की एकजुटता, अनुशासन और संवैधानिक आंदोलन के परिणामस्वरूप राजस्थान सरकार ने अपने हिस्से का बकाया भुगतान फसल बीमा कंपनी को कर दिया है। साथ ही बीमा कंपनी द्वारा अपने पास लंबित लगभग 14 करोड़ रुपये किसानों के खातों में हस्तांतरित करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

बकानी धरना स्थल पर खानपुर उपखंड अधिकारी एवं पूर्व संसदीय सचिव नरेंद्र नागर ने पहुंचकर कृषि विभाग का पत्र किसानों के प्रतिनिधियों को सौंपा तथा आश्वस्त किया कि आगामी कुछ दिनों में किसानों के खातों में शेष फसल बीमा राशि भी जमा कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद किसानों ने राज्य सरकार के निर्णय का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस ऐतिहासिक आंदोलन में बकानी कस्बे के दूध विक्रेताओं, फल एवं सब्जी विक्रेताओं तथा व्यापार संघ का पूर्ण समर्थन प्राप्त हुआ। किसानों के समर्थन में लगातार तीन दिनों तक दूध का वितरण बंद रहा, दो दिनों तक फल एवं सब्जी का विक्रय बंद रखा गया तथा आज पूरा बकानी कस्बा स्वेच्छा से बंद रहा। यह किसान और समाज की एकजुटता का प्रेरणादायक उदाहरण है।

भारतीय किसान संघ एक गैर-राजनीतिक, राष्ट्रवादी किसान संगठन है, जो सदैव “राष्ट्रहित की चौखट पर किसान हित हमारी नैतिक जिम्मेदारी” के भाव से किसानों के अधिकारों एवं खेती के हितों की रक्षा के लिए कार्य करता आया है। यह सफलता किसान एकता, धैर्य, अनुशासन और समाज के व्यापक सहयोग की जीत है।

धरना स्थल पर प्रांत मंत्री जगदीशचंद्र खाती, कोटा जिला अध्यक्ष जगदीश कलमंडा, झालावाड़ जिला अध्यक्ष राधेश्याम गुर्जर, जिला मंत्री कालूराम दांगी, जिला सह मंत्री मनोहर सिंह चौहान, जिला कार्यकारिणी सदस्य पूरीलाल दांगी, जिला गौ सेवा प्रमुख बालू सिंह चौहान, जिला प्रचार प्रमुख महेश मैहर, बकानी तहसील अध्यक्ष रामबाबू पाटीदार सहित रायपुर एवं बकानी तहसील के भारतीय किसान संघ के अनेक कार्यकर्ता तथा देर रात्रि तक डटे रहे। सैकड़ों किसानों ने सफल वार्ता पर सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।