आगरा-भरतपुर-रणथंभोर सर्किट में कोटा-बूंदी के पर्यटन स्थलों को जोड़ने की पहल

0
7

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन एवं सवाई माधोपुर इकाई की बैठक में हाड़ोती क्षेत्र के पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि शीघ्र ही सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन एवं उनकी टीम के साथ कोटा में संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन ने जानकारी दी कि वर्तमान में आगरा-भरतपुर-रणथंभोर तक पर्यटकों के लिए पैकेज संचालित होते हैं। हमारा प्रयास होगा कि इस पैकेज को 8 दिवसीय बनाकर इसमें कोटा और बूंदी को भी शामिल किया जाए।

उन्होंने कहा कि भारत के प्रमुख पर्यटन सर्किट गोल्डन ट्रायंगल के तहत आगरा में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक आते हैं, जो आगे भरतपुर और रणथंभोर तक का पेकेज बनाकर आते हैं। हाड़ोती क्षेत्र को जोड़ने से यहां पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी।

माहेश्वरी ने बताया कि भविष्य में इस टूर पैकेज को 10 दिनों तक बढ़ाकर बारां और झालावाड़ को भी शामिल करने की योजना है। इससे पूरे हाड़ोती क्षेत्र का समग्र पर्यटन विकास संभव होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे पैकेज विकसित होने से रोड और रेल कनेक्टिविटी में सुधार होगा तथा दिल्ली से आने वाले पर्यटकों को कम समय में अधिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जो शाही रेलगाड़ी जिसका ठहराव सवाई माधोपुर और चित्तौड़गढ़ में होता है तथा जो कोटा (गुड़ला) व बूंदी मार्ग से गुजरती है, उसका एक दिन का ठहराव कोटा और बूंदी में कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे इस ट्रेन से आने वाले पर्यटक भी हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकेंगे।

इस पहल से कोटा, बूंदी, बारां एवं झालावाड़ के साथ-साथ सवाई माधोपुर क्षेत्र को भी पर्यटन की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। बैठक में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के सलाहकार बोर्ड के सदस्य गणपत लाल शर्मा एवं तकनीकी सलाहकार भुवनेश लाहोटी भी उपस्थित रहे।