अमेरिका में हर चार में से तीन H-1B वीजा भारतीयों के पास: रिपोर्ट

969

वॉशिंगटन।अमेरिका में H-1B वीजा रखने वाले हर चार में से तीन व्यक्ति भारतीय नागरिक हैं। अमेरिका की एक आधिकारिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) की ‘H-1B पेटिशन्स बाई जेंडर ऐंड कंट्री ऑफ बर्थ फिस्कल इयर 2018’ रिपोर्ट के मुताबिक, 5 अक्टूबर तक अमेरिका में H-1B वीजा रखने वालों की संख्या 4,19,637 थी। इनमें से 3,09,986 भारतीय मूल के नागरिक हैं।

H-1B वीजा प्राप्त करने वाले भारतीयों में स्त्री-पुरूष असमानता बहुत अधिक है। विशेष सुविधा वाला यह वीजा रखने वाले 3,09,986 भारतीयों में केवल 63,220 यानी 20 प्रतिशत महिलाएं हैं। वहीं 2,45,517 यानी 79.2 प्रतिशत पुरुष हैं।

H-1B वीजा रखने वाले 1,249 लोगों को लापता या अन्य की श्रेणी में रखा गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, कुल H-1B वीजा का करीब 73.9 फीसदी भारतीयों के पास है। इसके बाद चीन के लोगों की बारी आती है। उनके पास करीब 11.2 प्रतिशत एच-1बी वीजा हैं।