अब तो बड़े हो जाओ राहुल गांधी; कब तक बच्चे बने रहोगे, भाजपा ने सुनाई खरी खोटी

0
5

नई दिल्ली। Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति का मजाक उड़ाने को लेकर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने राहुल गांधी की भाषा को असभ्य, अशिष्ट और अमर्यादित करार देते हुए आरोप लगाया कि वे विपक्ष के नेता जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की गरिमा को लगातार गिरा रहे हैं।

आपको बता दें कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब कांग्रेस पार्टी के एक राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर कटाक्ष किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की विदेश नीति केवल विदेशी नेताओं से गले मिलने तक सीमित है। अपने तर्क को साबित करने के लिए उन्होंने मंच पर ही कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के साथ गले मिलकर सभा को दिखाया। राहुल गांधी यहीं नहीं रुके। उन्होंने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर हमला बोलते हुए उन्हें जोकरों का समूह कह दिया।

राहुल गांधी के इस बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने उन्हें परिपक्व होने की सलाह दी। प्रहलाद जोशी ने कहा, “राहुल गांधी, आप कब बड़े होंगे? देश चलाने के लिए परिपक्व नेतृत्व की आवश्यकता होती है, न कि नौटंकी की। लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार को जोकर कहना यह दर्शाता है कि आप नेता प्रतिपक्ष के पद के लायक नहीं हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री देश की जनता द्वारा चुने गए नेता हैं। वे राहुल गांधी की तरह किसी राजवंश या परिवारवाद की देन नहीं हैं। राहुल गांधी जिस तरह की घटिया भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह उनकी हताशा और बौखलाहट का नतीजा है। प्रधानमंत्री का अपमान वास्तव में देश की उस जनता का अपमान है, जिसने उन्हें चुना है।

राहुल गांधी जब कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ भाजपा और आरएसएस पर हमला बोल रहे थे उस दौरान कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का जिक्र कर इस विवाद को और हवा दे दी। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री को लेकर की गई अश्लील और भद्दी टिप्पणियां बेहद शर्मनाक हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक बहस में यह गिरावट का एक नया निचला स्तर है। वहीं, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा कि राहुल गांधी मानसिक रूप से परेशान दिख रहे हैं और उनके आचरण ने सभ्यता की सभी सीमाएं लांघ दी हैं।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि देश को एक ऐसे विपक्ष के नेता की जरूरत है जो रचनात्मक भूमिका निभाए, न कि ऐसे नेता की जो सोशल मीडिया पर मीम्स और रील्स बनाने के लिए सस्ती बयानबाजी करे। उनका कहना था कि राहुल गांधी का यह रवैया एक जिम्मेदार नेता के विपरीत है।