सीएम आज करेंगी परवन परियोजना का शिलान्यास

977

जिला अस्पताल के नए ओपीडी ब्लॉक का लोकार्पण

बारां।  मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में शुक्रवार को कृषि उपज मंडी समिति बारां में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगी। राज्य सरकार के चार साल पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में परवन वृहद बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा।

यह परियोजना झालवाड़ के खानपुर ग्राम अकावद कलां के निकट प्रस्तावित है, इस परियोजना के पूर्ण होने पर झालावाड़, बारां कोटा जिलों में सिंचाई, पेयजल विद्युत के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करेंगे, वहीं सिंचाई के लिए बारां जिले में पर्याप्त जल उपलब्धता से उत्पादन में वृद्धि होगी, जिससे काश्तकार और अधिक समृद्ध खुशहाल होंगे।

प्रदेश सरकार द्वारा परियोजना के लिए वर्ष 2016-17 के लिए 700 करोड़ का बजट एवं वर्ष 2017-18 में 1 हजार करोड़ का बजट आवंटन किया है।  गुरुवार को कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी, जन अभाव अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार ने कृषि मंडी पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री राजे द्वारा बारां जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान और अन्य प्रचार सहित्य का भी विमोचन किया जाएगा।