कोटा। ‘Udaan’ Exhibition: जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) लेडीज विंग की ओर से 3 एवं 4 जुलाई को माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड स्थित ‘उड़ान’ बी-टू-सी ट्रेड फेयर एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
चेयरपर्सन मंजू लुंकड ने बताया कि दो दिवसीय इस प्रदर्शनी में देश के करीब नौ राज्यों से 150 से अधिक महिला एवं अन्य उद्यमी अपने हस्तनिर्मित, पारंपरिक और नवाचार आधारित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय करेंगे।
जीतो लेडीज विंग, कोटा की चेयरपर्सन मंजु लुंकड़ ने बताया कि प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से आमजन के लिए खुली रहेगी। इसमें राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, छत्तीसगढ़, गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से उद्यमी भाग लेंगे।
उड़ान कन्वीनर उषा बाफना, कन्वीनर रितु जैन अजमेरा ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन रेडक्रॉस के स्टेट चैयरमेन राजेश कृष्ण बिरला द्वारा 12.15 बजे किया जाएगा एवं गेस्ट ऑफ़ ऑनर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ,विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व महापौर राजीव अग्रवाल व मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास शामिल होंगे।
प्रदर्शनी की विशेष आकर्षण उदयपुर की कुसुम बोर्डिया होंगी, जो ‘कमली’ ब्रांड के माध्यम से आदिवासी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद लेकर आएंगी।
मंजु लुंकड़ ने बताया कि प्रदर्शनी में लगभग 32 स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि अनेक महिला उद्यमियों को रियायती दरों पर स्टॉल आवंटित किए गए हैं, ताकि अधिकाधिक महिलाएं अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी से होने वाली आय का उपयोग घर से कार्य कर अपनी आजीविका चलाने वाली जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन, पापड़ बनाने की मशीन तथा अन्य स्वरोजगार के उपकरण उपलब्ध कराने में किया जाएगा। इससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्थायी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
आयोजन में जीतो लेडीज विंग की चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन, मीना जैन नीरा जैन उषा बागरेचा वीना जैन नेहा जैन चित्रा बागरेचा सुमन मुनोत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वहीं जीतो कोटा चैप्टर के चेयरमैन पंकज सेठी के मार्गदर्शन में आयोजन को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

