HCL Tech का शेयर प्रॉफिट बढ़ने के बाद भी 11% लुढ़का, ₹40,000 करोड़ स्वाहा

0
7

नई दिल्ली। देश की तीसरी बड़ी आईटी कंपनी एचसीएल टेक के शेयरों में आज भारी गिरावट आई है। कंपनी के शेयरों में 11 फीसदी से अधिक गिरावट आई और यह 52 हफ्ते के लो के करीब पहुंच गया। इस गिरावट से कंपनी का मार्केट कैप करीब 40,000 करोड़ रुपये घट गया।

कंपनी ने मंगलवार को अपना चौथी तिमाही का रिजल्ट जारी किया। लेकिन यह निवेशकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। बीएसई पर कंपनी का शेयर पिछले सत्र में 1441.55 रुपये पर बंद हुआ था और आज यह 1344.05 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 11 फीसदी से अधिक गिरावट के साथ 1282.30 रुपये तक गिरा। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1,770 रुपये और न्यूनतम 1,275.70 रुपये है।

एचसीएल टेक्नोलॉजीज का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में नेट प्रॉफिट 4.2 प्रतिशत बढ़कर 4,488 करोड़ रुपये रहा। इस प्रदर्शन के पीछे एआई-आधारित सेवा कारोबार की अहम भूमिका रही है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,307 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 12.34 प्रतिशत बढ़कर 33,981 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 30,246 करोड़ रुपये थी। तिमाही आधार पर कंपनी का नेट प्रॉफिट 10.10% और रेवेन्यू 0.32% बढ़ गया।

समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 4.3 प्रतिशत घटकर 16,642 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 17,390 करोड़ रुपये था। हालांकि, इसका वार्षिक राजस्व 11.18 प्रतिशत बढ़कर 1,30,144 करोड़ रुपये हो गया। एचसीएल टेक के सीईओ एवं एमडी सी विजयकुमार ने कहा कि कुछ कारोबार क्षेत्रों में सुस्ती, विवेकाधीन खर्च में कमी और निर्णय लेने में देरी के कारण तिमाही प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा।

कुछ कारोबार क्षेत्रों में सुस्ती, विवेकाधीन खर्च में कमी और निर्णय लेने में देरी के कारण तिमाही प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा। हालांकि हमारी एआई-आधारित सेवाओं को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और वार्षिक आधार पर उन्नत एआई राजस्व 62 करोड़ डॉलर से अधिक हो गया है।

इस बीच कई ब्रोकरेज ने एचसीएल शेयर का टारगेट प्राइस कम कर दिया है। नोमुरा ने इसका टारगेट प्राइस 1,700 रुपये से घटाकर 1,600 रुपये कर दिया है। जेपी मोर्गन ने एचसीएल टेक की न्यूट्रल रेटिंग बरकरार रखीहै लेकिन टारगेट प्राइस 1,419 रुपये से घटाकर 1,370 रुपये कर दिया है। एचएसबीसी और मोतीलाल ओसवाल ने भी एचसीएल टेक के शेयर का टारगेट प्राइस घटा दिया है।