GST कलेक्शन नवंबर माह में लाख करोड़ रुपए के पार

0
1230

नई दिल्ली। अर्थव्यवस्था में चल रही मंदी के बीच सरकार के लिए राहत की खबर आई है। नवंबर महीने में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कलेक्शन एक लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। सरकार ने रविवार को यह जानकारी दी है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार नवंबर महीने में सरकार को 1,03,492 करोड़ रुपए का जीएसटी मिला है। यह पिछले अक्टूबर महीने के मुकाबले 8 हजार करोड़ रुपए ज्यादा है। अक्टूबर में जीएसटी कलेक्शन 95,380 करोड़ रुपए रहा था।

वित्त मंत्रालय के अनुसार नवंबर में 19,592 करोड़ रुपए सीजीएसटी, 27,144 करोड़ रुपए एसजीएसटी, 49,028 करोड़ रुपए आईजीएसटी (आयात से प्राप्त 20,948 करोड़ रुपए भी शामिल) प्राप्त हुआ है। इस अवधि में सरकार को सेस से 7727 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं जिसमें 869 करोड़ रुपए आयात से मिले हैं।

तीन महीने बाद एक लाख करोड़ के पार पहुंचा जीएसटी
नवंबर महीने में जीएसटी कलेक्शन का एक लाख करोड़ रुपए के पार पहुंचना सरकार के लिए राहत की बात मानी जा रही है। कई तरह की कटौतियों के बावजूद लगातार तीन महीने से जीएसटी कलेक्शन एक लाख करोड़ रुपए से नीचे ही चल रहा था। अगस्त में यह 98,202 करोड़ रुपए, अक्टूबर में 95,380 करोड़ रुपए और सितंबर में 91,916 करोड़ रुपए रहा था।