सेंसेक्स 975 अंक उछलकर 50,540 और निफ्टी 15,175 पर बंद

0
735

मुंबई। हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का इंडेक्स 975.62 अंकों (1.97%) की बढ़त के साथ 50,540 पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) 269.25 अंकों (1.81%) की बढ़त के साथ 15,175 पर बंद हुआ।

बाजार की इस भारी तेजी में फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों का अहम योगदान रहा। इससे पहले दो दिन बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। तेजी की वजह से बाजार का कुल मार्केट कैप 218 लाख करोड़ रुपए के पार हो गया है।

बैंकिंग शेयरों में रही तेजी
बाजार में आज जिन शेयरों में भारी तेजी रही, उनमें HDFC बैंक, इंडसइंड बैंक, ICICI बैंक, स्टेट बैंक और HDFC जैसे शेयर शामिल रहे। इनके अलावा अदाणी ग्रुप की कंपनियों में अदाणी ट्रांसमिशन और अदाणी टोटल गैस में भी अच्छी तेजी रही। SBI का शेयर आज 5% बढ़ा। ऐसा इसलिए क्योंकि मार्च तिमाही में उसे 6.450 करोड़ रुपए का फायदा हुआ जो अनुमान से ज्यादा रहा है।

एसबीआई सबसे बेहतर प्रदर्शन वाला शेयर
निफ्टी-50 की बात करें तो SBI सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला शेयर रहा है। चौथी तिमाही में इसका फायदा 80% बढ़ा है। इसी तरह HDFC बैंक, इंडसइंड बैंक भी 4% बढ़त के साथ बंद हुए हैं। ICICI बैंक, एक्सिस बैंक और HDFC का शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुआ है।

ग्रासिम सबसे खराब प्रदर्शन वाला शेयर
दूसरी ओर ग्रासिम टॉप गिरावट वाला शेयर रहा है। इसमें 0.38% की गिरावट आई है। शुक्रवार को ज्यादातर शेयरों में बढ़त रही, इसलिए गिरावट वाले शेयर कम रहे। पावर ग्रिड, इंडियन ऑयल, आयशर मोटर्स और डॉ. रेड्‌डी के भी शेयरों में गिरावट दिखी। विश्लेषकों के मुताबिक, निवेशकों का सेंटिमेंट भी बाजार की बढ़त में योगदान किया। एशियाई बाजारों में शुक्रवार को पॉजिटिव माहौल रहा। बाजार की तेजी में एक और बात यह रही कि कोरोना के नए मामलों में कमी आई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के नए मामले 3 लाख से नीचे रहे हैं।

मजबूत शुरुआत के साथ खुला बाजार
शेयर बाजारों ने हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन मजबूत शुरुआत दी। सेंसेक्स 269.12 अंक और निफ्टी 81.75 पॉइंट ऊपर खुला। शुरुआती आधे घंटे की ट्रेडिंग के बाद सेंसेक्स 50,000 और निफ्टी 15,000 के पार हो गया। निफ्टी मिड कैप और स्मॉल कैप इंडेक्स में लगभग एक पर्सेंट की मजबूती है। इससे पहले गुरुवार को बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 337.78 पॉइंट नीचे 49,564.86 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 124.10 अंक की गिरावट के साथ 14,906.05 पर बंद हुआ था।

52 वीक हाई पर गए शेयर
आज 52 वीक हाई पर गए टॉप-5 शेयरों में HFCL, जेके लक्ष्मी सीमेंट, मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज, TCI एक्सप्रेस, टोरेंट पावर शामिल हैं। इनके अलावा अडाणी ट्रांसमिशन, HPCL, BEL, ATGL, डालमिया भारत, ओबेरॉय रियल्टी, ISEC और पिडिलाइट के शेयर भी 52 वीक हाई पर गए हैं।

रिजल्ट और डिविडेंड
साउथ इंडियन बैंक को मार्च क्वॉर्टर में 6.79 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ है। पिछले साल के मार्च क्वॉर्टर में बैंक को 144 करोड़ रुपए का लॉस हुआ था। दिसंबर क्ववॉर्टर में 91.6 करोड़ रुपए का लॉस हुआ था। तिमाही आधार पर इसका ग्रॉस NPA डेढ़ गुना जबकि नेट NPA दोगुना हो गया है।

हिंडाल्को इंडस्ट्रीज को मार्च क्वॉर्टर में 1,928 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ है। दिसंबर तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 1,877 करोड़ रुपए रहा था। पिछले साल के मार्च क्वॉर्टर में प्रॉफिट 668 करोड़ रुपए रहा था। कंपनी ने हर शेयर पर तीन रुपए का डिविडेंड देने का ऐलान किया है।

एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा
शुक्रवार को एशियाई शेयर बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। चीन का शंघाई कंपोजिट (-0.58%) और कोरिया का कोस्पी (-0.19%) कमजोरी के साथ बंद हुआ। जापान के निक्केई (0.81%) और हांगकांग के हेंगसेंग (0.10%) में मजबूती रही। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स 13 पॉइंट चढ़कर 7,265 पर बंद हुआ।