मुंबई। हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। सेंसेक्स 49,400 और निफ्टी 14,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। बाजार के प्रमुख शेयरों में गिरावट के चलते बाजार में गिरावट है। इसमें HDFC बैंक, HDFC, बजाज फाइनेंस के शेयर शामिल हैं।
सुबह 09:31 बजे BSE सेंसेक्स 250 अंकों की गिरावट के साथ 49,374.42 पर कारोबार कर रहा है। इसमें एक्सिस बैंक के शेयरों में 1.94% की गिरावट है। BSE पर 2,004 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 962 बढ़त और 954 गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। बिकवाली के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 196.11 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
इसी तरह निफ्टी भी 49.75 अंक नीचे 14,540.60 पर कारोबार कर रहा है। ऑटो सेक्टर में तेजी के चलते टाटा मोटर्स का शेयर 4.82% ऊपर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा बजाज ऑटो के शेयरों में भी 3.79% की बढ़त है। वहीं, हिंडाल्को, बजाज फाइनेंस और एक्सिस बैंक के शेयर 1-1% से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।
एशियाई बाजारों में दबाव
शुक्रवार को एशियाई बाजारों गिरावट दर्ज की जा रही है। जापान का निक्केई इंडेक्स 0.50%, हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 1.28% और चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.83% नीचे कारोबार कर रहे हैं। वहीं, कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.38% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। कल यूरोप के शेयर बाजारों में भी गिरावट रही थी। इसमें ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के शेयर मार्केट शामिल हैं, जबकि राहत पैकेज की उम्मीद से अमेरिकी शेयर बाजारों में नैस्डैक और S&P 500 इंडेक्स रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए थे।
गुरुवार को सेंसेक्स 50 हजार के पार पहुंचा था
भारी विदेशी निवेश और मजबूत वैश्विक संकेतों के चलते कल सेंसेक्स पहली बार 50 हजार को पार किया। हालांकि दोपहर बाद बाद निवेशकों मुनाफावसूली की। अंत में सेंसेक्स 167.36 अंकों की गिरावट के साथ 49,624.76 पर बंद हुआ था। इंडेक्स ने कारोबार के दौरान 50,184.01 के रिकॉर्ड स्तर छुआ, इसका ऑलटाइम हाई है। इसी तरह निफ्टी भी 54.35 अंक नीचे 14,590.35 पर बंद हुआ था। NSE डेटा के मुताबिक 21 जनवरी को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध 1,614.66 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध 1039.48 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे।
आज आएंगे रिलायंस इंडिस्ट्रीज के तिमाही नतीजे
प्राइवेट सेक्टर की सबसे बड़ी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज 22 जनवरी के तिमाही नतीजे पेश करेगी। साथ ही यस बैंक, ग्लैंड फार्मा, इंडियन बैंक, सेंचुरी टेक्स्टाइल, क्रॉम्पटन ग्रीव्स, ओवेरॉय रियल्टी सहित 41 कंपनियां भी दिसंबर तिमाही के नतीजे पेश करेंगी। आज ही यस बैंक की बोर्ड बैठक है। इसमें फंड जुटाने पर फैसला लिए जाने पर चर्चा होगी।