कोटा। Mahavir Kalyanak Festival: भगवान महावीर स्वामी का 2625वां जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित अहिंसा पदयात्रा का आयोजन 8 अप्रैल, मंगलवार को प्रातः 07 बजे से किया जाएगा। सकल दिगंबर समाज के अध्यक्ष प्रकाश बज एवं श्वेतांबर समाज से समन्वयक पंकज मेहता सहित पदाधिकारियों ने बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया और संयोजकों को कार्यभार का वितरण किया।
सकल जैन समाज के मुख्य संयोजक जेके जैन व संयोजिका रेखा हिंगड़ ने बताया कि सकल जैन समाज की पदयात्रा में समस्त जैन समाज के लोग शामिल होकर एकता का परिचय देंगे और महावीर के संदेशों को घर-घर पहुंचाने का आह्वान करेंगे।
तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में दिगंबर व श्वेतांबर जैन समाज कोटा महानगर में अहिंसा पदयात्रा का आयोजन सुबह 7 बजे महावीर नगर प्रथम दिगंबर जैन लाल मंदिर से दानबाड़ी तक किया जाएगा।
जे. के. जैन ने बताया कि इस पदयात्रा में दिगंबर समाज की महिलाएं व श्वेतांबर समाज द्वारा भगवान महावीर के जन्म से पूर्व आए 16 स्वप्नों की झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। भगवान महावीर के संदेशो को महिलाएं पदयात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानो पर तकतियों व बैनर के माध्यय से प्रदर्शित करेंगी।
रेखा हिंगड़ ने बताया कि अहिंसा पदयात्रा को रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला, विधायक संदीप शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, लोकसभा अध्यक्ष के निजी सचिव अंकित जैन, केडीए सचिव कुशल कोठारी, संरक्षक राजमल पाटोदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह रहेगा मार्ग
संयोजक विजय दुगेरिया एवं प्रदीप बरडिया ने बताया कि भगवान महावीर के जयकारों के साथ अहिंसा पदयात्रा महावीर नगर प्रथम दिगंबर जैन लाल मंदिर से प्रारंभ होकर ओपेरा हॉस्पिटल रोड, सेंट्रल पब्लिक स्कूल, तलवंडी चौराहा से जवाहर नगर होते हुए दानबाड़ी पहुंचेगी, जहां दिगंबर एवं श्वेतांबर जैन समाज के पदाधिकारियों द्वारा भगवान महावीर स्वामी के गुणानुवाद किए जाएंगे।
प्रचार सचिव मनोज आदिनाथ एवं पारस जैन ने बताया कि सकल जैन समाज मिलकर 5 किलोमीटर की पदयात्रा निकालेगा। पदयात्रा में विभिन्न क्षेत्रों की आध्यात्मिक पाठशालाओं के बच्चे, युवा मंडल, बालिका मंडल, महिला मंडल और सोशल ग्रुप्स के सदस्य शामिल होंगे। यात्रा मार्ग में 108 तोरण द्वार सजाए जाएंगे और जगह-जगह रंगोली बनाई जाएगी। महिलाओं द्वारा भगवान महावीर के संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा और विशेष झांकियां बनाई जाएंगी। दानबाड़ी पहुंच कर यात्रा सभा का रूप लेगी।
सोमवार को आयोजित बैठक में दिगंबर समाज के अध्यक्ष प्रकाश बज,मुख्य संयोजक जे. के. जैन, श्वेतांबर समाज के समन्वयक पंकज मेहता, रेखा हिंगड़, अंकित सेठिया, ज्ञान चंद लोढ़ा, प्रदीप बरडिया, विजय दुगेरिया, कमलेश सांवला, धर्मचंद जैन, दीपू व भुवनेश जैन सहित कई लोग उपस्थित रहे।