कोरोना वैक्सीन का असर : सेंसेक्स और निफ्टी ऐतिहासिक ऊंचाई पर बंद

0
504

मुंबई।देश में दो कोरोना वैक्सीन को मिली मंजूरी की खबर से 2021 के पहले कारोबारी हफ्ते की शुरुआत धमाकेदार हुई। 4 जनवरी को बाजार रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ है। इसमें BSE सेंसेक्स पहली बार 48,176 पर बंद हुआ। बाजार में चौतरफा तेजी रही। इसमें सबसे ज्यादा IT और मेटल सेक्टर में दर्ज की गई। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 48,200 के लेवल को भी पार किया। हालांकि इंट्राडे में अचानक बाजार में आधे घंटे के लिए गिरावट दर्ज की गई, जिसे मार्केट एक्सपर्ट मुनाफावसूली कह रहे हैं।

बाजार में चौतरफा खरीदारी के चलते BSE में लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप पहली बार 191.71 लाख करोड़ रुपए पार हो गया है। सोमवार को एक्सचेंज पर 3,254 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिसमें से 2,096 शेयर यानी 64% शेयर बढ़त के साथ बंद हुए हैं। कारोबार के दौरान 440 कंपनियों के शेयरों ने एक साल का न्यू हाई बनाया, जबकि 614 के शेयरों में अपर सर्किट लगा।

निफ्टी 14,100 के पार बंद
दूसरी ओर निफ्टी भी 114.40 अंकों की बढ़त के साथ 14,132.90 पर बंद हुआ। इंट्राडे में इंडेक्स 14,147.95 तक भी पहुंचा। इसमें टाटा स्टील का शेयर 8.37% ऊपर 696.90 रुपए के भाव पर बंद हुआ। हिंडाल्को का शेयर 6.90%, आयशर मोटर और ONGC के शेयर 4-4% से ज्यादा की बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर हीरो मोटोकॉर्प और कोटक महिंद्रा के शेयरों में 1-1% से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी के लिए 2021 का टार्गेट
बाजार लगातार तेजी को देखते हुए जैफरीज ने निफ्टी में आगे भी बढ़त का अनुमान दिया। ग्लोबल ब्रोकरेज हाउस को उम्मीद है कि 2021 के अंत तक इंडेक्स 15,800 के लेवल तक पहुंच सकता है।

एशियाई बाजारों में भी खरीदारी
आज एशियाई बाजारों में हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 266 अंकों (0.98%) की बढ़त के साथ 27,498 पर बंद हुआ है। इसके अलावा चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 29 अंक ऊपर 3,502 पर बंद हुआ है।दूसरी ओर जापान का निक्केई इंडेक्स 176 अंक (0.64%) नीचे 27,267 पर बंद हुआ है।