सोने में 4 साल में सबसे बड़ी मासिक गिरावट, जानिए क्या रहे आज के भाव

0
462

नई दिल्ली। सर्राफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में आज गिरावट (Gold Price Fall) देखने को मिली है। आज सोना 142 रुपये गिरकर 47,483 रुपये प्रति 10 ग्राम (Gold Price Today) के स्तर पर पहुंच गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी है। इससे पहले के सत्र में सोना 47,625 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ था। आज चांदी की कीमतों में भी गिरावट (Silver Price Fall) दर्ज की गई है। चांदी 701 रुपये की गिरावट के साथ 57,808 रुपये प्रति किलो (Silver Price Today) के स्तर पर पहुंच गई। इससे पिछले सत्र में चांदी 58,509 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बंद हुई थी।

पिछले हफ्ते भी सर्राफा बाजार में गिरे थे सोना-चांदी
दिल्ली सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 43 रुपये की मामूली गिरावट के साथ 48,142 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी है। पिछले कारोबारी सत्र में भाव 48,185 रुपये प्रति 10 ग्राम था। चांदी भी 36 रुपये की साधारण गिरावट के साथ 59,250 रुपये प्रति किलोग्राम रह गयी। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 59,286 रुपये प्रति किग्रा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का भाव मामूली लाभ के साथ 1,810 डॉलर प्रति औंस हो गया जबकि चांदी 23.29 डॉलर प्रति औंस पर लगभग अपरिवर्तित रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ जिंस विश्लषक तपन पटेल ने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी के टीके की प्रगति को लेकर निवेशकों ने सतर्कता का रुख अख्तियार कर लिया जिससे सोने की कीमत में सुधार आया। आर्थिक प्रोत्साहन की उम्मीद से सर्राफा कीमतों को समर्थन मिल सकता है।’’

वायदा बाजार में क्या है सोने-चांदी का भाव
आज वायदा बाजार में भी सोने में गिरावट देखी जा रही है। आज सोना 47,680 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर खुला, जो लगातार गिरता ही चला गया। सोना गिरते-गिरते 500 रुपये से भी अधिक गिर गया। दूसरी ओर चांदी में भी गिरावट देखने को मिली। चांदी आज 900 रुपये तक गिर गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1781.50 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया है, जबकि चांदी 22.29 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

सोने में 4 साल में सबसे बड़ी मासिक गिरावट
ग्लोबल मार्केट में सोमवार को सोने की कीमत (Gold Prices) में चार साल में सबसे बड़ी मासिक गिरावट देखने को मिली। कोरोनावायरस (Coronavirus) की वैक्सीन को लेकर आ रही पॉजिटिव खबरों से इकॉनमिक रिवाइवल की उम्मीदें बढ़ रही हैं जिससे सोने की कीमतों में गिरावट आ रही है। स्पॉट गोल्ड की कीमत 1.2 फीसदी की गिरावट के साथ 17.66.26 डॉलर प्रति औंस रह गई। इस महीने सोने की कीमत में करीब 6 फीसदी की गिरावट आई है। यह नवंबर 2016 के बाद सबसे बड़ी मासिक गिरावट है।

देखिए ऑल टाइम हाई से कितना गिरे सोना-चांदी
7 अगस्त 2020, ये वो दिन था जब सोने-चांदी ने एक नया रेकॉर्ड बनाया। सोने और चांदी दोनों ने ही अपना ऑल टाइम हाई छुआ। 7 अगस्त को सोने ने 56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऑल टाइम हाई का स्तर छुआ था, जबकि चांदी ने 77,840 रुपये प्रति किलो का स्तर छुआ था। सोना अब तक करीब 8700 रुपये प्रति 10 ग्राम गिरा है, जबकी चांदी करीब 20 हजार रुपये प्रति किलो तक गिर चुकी है।

क्यों आ रही है सोने में गिरावट?
कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए वैक्सीन के मोर्चे पर सकारात्मक खबरों से सोने की कीमतों में गिरावट आ रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि ग्लोबल इकनॉमी में सुधार और अमेरिका-चीन के बीच तनाव कम होने से निवेशक सोने को छोड़कर शेयर बाजार का रुख कर रहे हैं। यही वजह है कि निकट भविष्य में सोने की कीमतों में भारी उछाल की संभावना नहीं है। हालांकि, लंबी अवधि के लिए सोना अभी भी निवेश का अच्छा विकल्प माना जा रहा है।

क्या सोना कोरोना काल से पहले की स्थिति में लौट आएगा?
कोरोना वायरस की वजह से शेयर बाजार में एक तगड़ी गिरावट देखने को मिली थी। समय बीतने के साथ-साथ शेयर बाजार उस तगड़ी गिरावट से लगातार उबर रहा है। दुनिया भर के अधिकतर शेयर बाजार कोरोना की वजह से आई गिरावट से मजबूती से लड़ते हुए रिकवर कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सोना (today gold price) अपना ऑल टाइम हाई छू कर वापस आ चुका है। आए दिन सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अब सवाल ये उठता है कि क्या सोना भी कोरोना काल से पहले वाली स्थिति में लौट आएगा, क्योंकि ये ट्रेंड देखा गया है कि शेयर बाजार मजबूत होता है तो सोना कमजोर होता है और इसका उल्टा भी होता है। तो क्या सोना अभी और सस्ता होगा, क्योंकि जनवरी में सेंसेक्स 41 हजार के करीब था, तब सोने की कीमत भी 41 हजार के करीब थी।