R Bharat के AVP से आतंकियों जैसा सलूक, काले कपड़े से चेहरा ढक कोर्ट में किया पेश

0
391
मुंबई पुलिस ने रिपब्लिक भारत के एक अधिकारी का चेहरा काले कपड़े से ढक कर कोर्ट में पेश किया।

मुंबई। रिपब्लिक टीवी के वितरण प्रमुख घनश्याम सिंह को मंगलवार (10 नवंबर, 2020) को कथित फर्जी टीआरपी (टेलीविजन रेटिंग प्वाइंट) मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सिंह रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के सहायक उपाध्यक्ष (AVP) भी हैं और उन्हें सुबह करीब सात बजकर 40 मिनट पर उनके घर से गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि सिंह की गिरफ्तारी के साथ मामले में अपराधा शाखा के अपराध आसूचना प्रकोष्ठ (सीआईयू) द्वारा अब तक 12 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अधिकारी ने बताया कि इससे पहले सीआईयू ने सिंह से कई दौर की पूछताछ की थी।

घनश्याम सिंह की गिरफ्तारी पर रिपब्लिक भारत ने ट्वीट कर नाराजगी जाहिर की है। चैनल ने कहा कि उनके AVP को काले कपड़े से चेहरा ढंक मुंबई कोर्ट में पेश किया गया। चैनल ने आरोप लगाया कि सिंह के साथ आतंकियों जैसा बर्ताव किया गया।

चैनल ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों में कथित टीआरपी हेरफेर मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट ने घनश्याम से 30-40 घंटे से भी ज्यादा समय तक पूछताछ की। वह जांच में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं। इसके बावजूद आज मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि रिपब्लिक मीडिया नेटवर्क के एडिटर इन चीफ अर्नब गोस्वामी पहले ही गिरफ्तार हैं। उन्होंने न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।