बैंक ऑफ इंडिया में कर्मचारियों की हड़ताल से करोड़ों का लेन-देन प्रभावित

0
983
file photo

कोटा। फेडरेशन ऑफ बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ यूनियंस के बैंक ऑफ इंडिया में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आव्हान पर कोटा संभाग के बैंक ऑफ इंडिया कर्मचारी सोमवार को हड़ताल पर रहे। कोटा शहर एवं आसपास की शाखाओं के बैंक ऑफ इंडिया कर्मी अपनी शाखाओं में न जाकर एरोड्राम सर्किल स्थित मुख्य शाखा के समक्ष प्रातः 10 बजे एकत्रित हुए तथा सामाजिक दूरी का ध्यान रखते हुए हाथों में हड़ताल से संबंधित पोस्टर धारण कर प्रदर्शन किया।

बैंक ऑफ इंडिया एम्प्लाइज यूनियन राजस्थान के महासचिव पदम पाटोदी, उपाध्यक्ष हेमराज सिंह गौड़ तथा प्रदेश समिति के सदस्य श्याम महावर एवं राजेश अग्रवाल ने बताया कि लिपिक अधीनस्थ सफाई कर्मचारी तथा सुरक्षा प्रहरियों की भर्ती, वित्तीय सुविधाओं तथा स्वास्थ्य जांच में एवार्ड स्टाफ से सौतेला व्यवहार बंद करने, द्विपक्षीय समझौतों का पालन आदि मांगो को लेकर यह हड़ताल की गई। हड़ताल में कोटा संभाग की 15 शाखाओं के कर्मचारियों ने भाग लिया जिससे सामान्य बैंकिंग काम ठप्प हो गया। जिससे करोड़ों का लेनदेन प्रभावित हुआ।

एआईबीईए के जनरल कौंसिल सदस्य ललित गुप्ता, राजस्थान प्रदेश बैंक एम्प्लाइज यूनियन जिलाध्यक्ष अशोक ढल, क्षेत्रीय सचिव डी एस साहू, आर बी मालव, बैंक कर्मी नेता अनिल ऐरन, यतीश शर्मा ने भी संबोधित कर हड़ताल का समर्थन किया।