आरोग्य सेतु ऐप सरकारी और निजी कर्मचारियों के लिए अनिवार्य, केंद्र का आदेश

0
729

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को ट्रैक करने वाले आरोग्य सेतु (Aarogya Setu) ऐप को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला किया। अब सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों को आरोग्य सेतु ऐप इस्तेमाल करना अनिवार्य होगा। बता दें कि कोविड-19 से जंग के लिए सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। सभी ऑर्गनाइजेशन के प्रमुखों को इस आदेश का 100 फीसदी पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह भी कहा है कि कोविड-19 कंटेनमेंट ज़ोन में रह रहे लोगों के लिए भी आरोग्य सेतु मोबाइल ऐप इस्तेमाल करना जरूरी होगा। मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, ‘पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर के सभी कर्मचारियों के लिए आरोग्य सेतु ऐप का इस्तेमाल अनिवार्य होगा। सभी संस्थानों के प्रमुख की यह जिम्मेदारी होगी कि वह यह सुनिश्चित करें कि 100 फीसदी यानी सभी कर्मचारियों द्वारा ऐप का इस्तेमाल किया जाए।’

बता दें कि शुक्रवार को ही सरकार ने देशभर में लागू लॉकडाउन को 3 मई से बढ़ाकर 17 मई तक कर दिया है। हालांकि, कुछ जगहों पर इस बार लॉकडाउन में कुछ छूट भी दी गई है। मोबाइल ऐप आरोग्य सेतु कोविड-19 के खतरे से अलर्ट रहने में यूजर की मदद करता है। इसके साथ ही यह लोगों को जरूरी जानकारी, कोरोना के संक्रमण से बचने के तरीके और लक्षण के बारे में भी जानकारी देता है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने भी अप्रैल में अपने मन की बात प्रोग्राम में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने और इस्तेमाल करने की अपील की थी। यह ऐप स्मार्टफोन के ब्लूटूथ और लोकेशन डेटा को ट्रेस कर यह जानने में मदद करता है कि यूजर किसी कोविड-19 संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में तो नहीं आया। अभी तक देश भर में करीब 8 करोड़ बार इस ऐप को डाउनलोड कर चुके हैं।