नई दिल्ली। Stock Market Update : वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार (9 अप्रैल) को एक बार फिर गिरावट में खुले। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) के व्यापारिक देशों पर टैरिफ लगाने की समयसीमा नजदीक आने के साथ बाजार में अस्थिरता देखने को मिल रही है। साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदी की आशंका बढ़ने से हैवी वेटेज रखने वाले आईटी स्टॉक्स (IT Stock) में दबाव देखा जा रहा है। ट्रंप के फार्मा सेक्टर पर भी टैरिफ के एलान से दवा कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है। इसके चलते निफ्टी फार्मा इंडेक्स 2% तक टूट गया।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) आज यानी बुधवार को 100 अंक से ज्यादा की गिरावट लेकर 74,103.83 पर ओपन हुआ। मंगलवार को यह 74,227.08 पर बंद हुआ था। दोपहर 12:05 बजे सेंसेक्स 381.46 अंक या 0.51% की गिरावट लेकर 73,845.62 पर था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के निफ्टी-50 में भी कमजोर रुख देखने को मिल रहा है। यह गिरावट के साथ 22,460.30 अंक पर ओपन हुआ जबकि मंगलवार को यह 22,535.85 पर क्लोज हुआ था। दोपहर 12:05 बजे निफ़्टी 122.60 अंक या 0.54% की गिरावट लेकर 22,413.25 पर था।
RBI ने Repo Rate 25 bps घटाकर 6.0% किया
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बुधवार 9 अप्रैल को नीतिगत दर रीपो रेट को 0.25% घटाकर 6.0% करने का ऐलान किया। आरबीआई ने अपनी पिछली बैठक (7 फरवरी) में रेपो रेट (Repo Rate) को 25 आधार अंक घटाकर 6.25% कर दिया था। तब से अमेरिका के सख्त टैरिफ के कारण आर्थिक अनिश्चितता बढ़ गई है। इससे केंद्रीय बैंक से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ गई थी।
ट्रंप ने चीन पर लगाया 104% टैरिफ
अमेरिका और चीन के बीच जारी व्यापारिक तनाव अब और ज्यादा गहरा सकता है। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया है कि अमेरिका बुधवार (8 अप्रैल) को पूर्वी समयानुसार रात 12:01 बजे (0401 GMT) से चीन पर 104 प्रतिशत टैरिफ लागू करेगा। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी। यह फैसला अमेरिका और चीन के बीच चल रहे व्यापार विवाद को और बढ़ा सकता है।
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि चीन जैसी कुछ देश अमेरिका के साथ अनुचित व्यापार कर रहे हैं। हाल के हफ्तों में ट्रंप ने कई बार विदेशी देशों पर यह आरोप लगाया कि वे अमेरिकी सामान पर भारी टैक्स लगाते हैं और अमेरिका की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
FIIs की बिकवाली जारी
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की भारतीय शेयर बाजारों से बिकवाली लगातार जारी है। विदेशी निवेशकों ने 8 अप्रैल को 4,994.24 करोड़ रुपये मूल्य के भारतीय शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DIIs) ने मंगलवार को 3,097.24 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।