अंतरराष्ट्रीय पियानो वादक ब्रायन सिलास को लाईफ टाईम अचीवमेंट अवार्ड
कोटा। सृजन द स्पार्क कोटा चैप्टर द्वारा 30 जनवरी को शौर्य घाट चंबल रिवर फ्रंट पर एन इवनिंग ऑफ म्यूजिक अनप्लग्ड कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कोटा चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि प्रसिद्ध गायक, संगीतकार और प्रस्तुतकर्ता क्षितिज तारे अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं का मन मोहेंगे। सचिव संजीव अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम शाम 6:30 बजे से चंबल नदी के पश्चिमी घाट पर आयोजित होगा। इसमें वी.एम.ओ.यू. के कुलपति प्रो. कैलाश सोडानी और आई.पी.एस. (सेवानिवृत्त) प्रसन्ना खमेसरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सृजन द स्पार्क के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि यह आयोजन संगीत प्रेमियों को संगीतमय आनंद प्रदान करने के साथ-साथ उत्कृष्ट कलाकारों को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पियानो वादक ब्रायन सिलास को “लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड” से सम्मानित किया जाएगा।
ब्रायन सिलास: एक संगीतमयी विरासत
उपाध्यक्ष अनिमेष जैन ने बताया कि ब्रायन सिलास भारतीय फिल्म संगीत के सबसे प्रतिष्ठित पियानो वादकों में से एक हैं। उनकी उंगलियां जब पियानो पर चलती हैं तो खय्याम, सलिल चौधरी, ओ.पी. नैय्यर, एस.डी. बर्मन, लक्ष्मीकांत प्यारेलाल, रवि और मदन मोहन जैसे दिग्गज संगीतकारों की कालजयी धुनें पुनर्जीवित हो उठती हैं। उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया गया है। भारतीय सिनेमा के रोमांटिक गीतों को पियानो पर प्रस्तुत करने में उन्हें विशेष महारत हासिल है।
गायक क्षितिज उभरते सितारे
कोषाध्यक्ष विकास जैन अजमेरा ने बताया कि तीन वर्ष की उम्र से ही हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत में रुचि रखने वाले क्षितिज ने गंधर्व महाविद्यालय से संगीत विशारद की उपाधि प्राप्त की है। ‘तोसे नैना लागे’, ‘मधो’, ‘अये खुदा’ और ‘बंदेया’ जैसे प्रसिद्ध गीतों के लिए जाने जाने वाले क्षितिज ने ग्रैमी विजेता कलाकार रुसलान सिरोता और पंडित विश्व मोहन भट्ट के साथ भी काम किया है। उल्लेखनीय है कि क्षितिज को कला और संस्कृति के लिए भारत यूथ अवार्ड 2023, ग्लोबल इंडियन म्यूजिक अकादमी अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।