महिंद्रा की XUV.e9 सिंगल चार्ज पर दौड़ेगी 450Km, इसका मुकाबला टाटा कर्व ईवी से

0
3

नई दिल्ली। महिंद्रा के पोर्टफोलियो में अभी सिर्फ एक इलेक्ट्रिक कार XUV400 है। इस वजह से कंपनी इस सेगमेंट में काफी पीछे भी हो चुकी है। हालांकि, आने वाले दिनों में महिंद्रा अपने पोर्टफोलियो में कई सारे मॉडल जोड़ने वाली है।

इनमें से एक का नाम XUV.e9 है। कंपनी आने वाले कुछ महीनों में XUV.e9 को भारतीय बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है। महिंद्रा XUV700 के इस इलेक्ट्रिक कूपे-SUV वर्जन को लेकर अब नई डिटेल सामने आई है। भारतीय मार्केट में इसका मुकाबला टाटा कर्व ईवी से होगा।

सेगमेंट में ज्यादा बूट मिलेगा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे केवल रियर-व्हील-ड्राइव (RWD) टेक्नोलॉजी के साथ पेश किया जाएगा। जबकि ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) टेक्नोलॉजी मिलने की संभावना कम है। कंपनी के INGLO प्लेटफॉर्म पर बेस्ट इस अकमिंग महिंद्रा XUV.e9 में लोडिंग एरिया के साथ एक बड़ा बूट स्पेस भी मिलेगा। कुल मिलाकर ये अपने सेगमेंट में सबसे ज्यादा बूट स्पेस के साथ आ सकती है। इसे अप्रैल 2025 तक लॉन्च किया जा सकता है। वहीं, इसकी एक्स-शोरूम कीमत 20 लाख रुपए के करीब हो सकती है।

सिंगल चार्ज पर 450Km की रेंज
बात करें महिंद्रा XUV.e9 के पावरट्रेन और रेंज की तो इस इलेक्ट्रिक कार में महिंद्रा BE.05 के समान पावरट्रेन मिल सकता है। हालांकि, इसमें सिर्फ RWD टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें 80kWh बैटरी पैक के साथ सिंगल मोटर मिलने की उम्मीद है, जो सिंगल चार्ज पर 435Km से 450Km के बीच रेंज दे सकती है। XUV.e9 में बाहरी इलेक्ट्रिक उपकरणों को बिजली देने के लिए वाहन-टू-लोड (V2L) फंक्शन भी मिल सकता है।

प्रीमियम इंटीरियर
अब बात करें इसके डिजाइन की तो महिंद्रा XUV.e9 कूपे बॉडी स्टाइल, बड़ी फॉक्स ग्रिल और हेडलाइट क्लस्टर के साथ XUV700 से अलग नजर आती है। इसमें ट्विन-एज बूमरैंग आकार की बड़ी LED DRLs नजर और एक्सटीरियर का पियानो ब्लैक कलर इसे प्रीमियम लुक देता है। इलेक्ट्रिक कार के केबिन में एक नया 3-स्क्रीन डिस्प्ले सेटअप पेश किया जाएगा, जो फुल HD (1920×720) डिस्प्ले, लिक्विड ऑप्टिकली क्लियर एडहेसिव (LOCA) बॉन्डिंग और ओलेओफोबिक (एंटी-स्मज) कोटिंग के साथ 12.3-इंच की यूनिट से लैस होगा।