सांसद हेमा मालिनी ने एक्टर पति धर्मेंद्र के लिए मांगा दादा साहब फाल्के पुरस्कार

0
23

कोटा में पत्रकारों से बातचीत में बॉलीवुड एक्ट्रेस एवं नृत्यांगना ने कही दिल की बात

कोटा। बॉलीवुड एक्ट्रेस और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि उनके पति और सुपरस्टार धर्मेंद्र को दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिलना चाहिए। हर साल एक कलाकार को मिलता है। धर्मेंद्र को 10 से 15 साल पहले मिल जाना चाहिए था। इस बार मिथुन चक्रवर्ती को मिल रहा है, वे भी काफी अच्छे कलाकार हैं।

भरतनाट्यम कलाकार हेमा मालिनी ने गुरुवार को पत्रकारों से बात करते हुए यह बात कही। वे कोटा दशहरे मेले के उद्घाटन समारोह में दुर्गा नृत्य की प्रस्तुति देने आई थी। उन्होंने कहा कि पुरानी फिल्मों में अश्लीलता नहीं होती थी। साथ ही म्यूजिक पर काफी काम होता था, लेकिन आज ऐसा नहीं होता है।

पहले कैमरामैन हीरोइन को दिखाने पर पूरा फोकस करता था। उनकी सुंदरता को पर्दे पर लाने का उसका पूरा प्रयास रहता था। पहले म्यूजिक में काफी मेहनत की जाती थी, हमारे प्रोड्यूसर-डायरेक्टर इसके अलावा एक्टर भी कहते थे कि मेरे लिए कौन सा गाना बन रहा है।

उन्होंने कहा कि एक्टर कहते थे कि उनके लिए कुछ सिचुएशन निकालो। उनको एक अच्छा गाना चाहिए, लेकिन अब बेचारे एक्टर की कोई सुनता ही नहीं है। क्योंकि इतना बड़ा एक्टर कोई भी नहीं है। 200 से अधिक फिल्मों मेंकाम कर चुकी हेमामालिनी ने कहा कि उन्होंने तीन फिल्में बनाई थी। लेकिन बजट काफी ज्यादा होता है।

इसीलिए फिल्म मेकिंग का काम बंद कर दिया। यह घाटे का सौदा हो गया है। उन्होंने कहा कि वे तीन बार मथुरा से सांसद चुनी गई हैं। लेकिन उनकी मंत्री बनने में जरा भी दिलचस्पी नहीं है।

हेमा मालिनी ने कहा कि कोटा डोरिया की साड़ी उन्हें काफी पसंद हैं। इसके साथ ही उन्होंने कोटा में ग्रीनरी की तारीफ की। हेमा मालिनी ने उनकी फिटनेस के बारे में बात करते हुए कहा कि वे डांस करती हैं, इसीलिए फिट हैं। डांस करने के लिए एप्रिसिएशंस चाहिए।

यह स्टेज पर खड़ा होने के लिए काफी जरूरी है। अगर वजन बढ़ जाएगा, तो स्टेज पर कौन देखेगा, पहचान में भी नहीं आएंगे। उन्होंने मंत्री बनने के सवाल पर कहा कि अगर वव मंत्री बन गई तो डांस के लिए समय नहीं दे पाएगी। परिवार को भी समय देना होता है। मंत्री बनने वाले अलग लोग होते हैं।

मिथुन चक्रवर्ती को मिलेगा दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड
अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा था कि मिथुन चक्रवर्ती को दादा साहेब फाल्के पुरस्कार के लिए नामित किया गया है।