तकनीक से दक्ष युवाओं को पढ़ाना शिक्षकों के लिए चुनौतीपूर्ण: प्रो. एसके सिंह

0
14

लायंस क्लब कोटा साउथ की जनरल बॉडी मीटिंग

कोटा। लायंस क्लब कोटा साउथ की ओर से शुक्रवार को तलवंडी स्थित एक होटल में जनरल बॉडी मीटिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान जोनल चेयरपर्सन सुषमा आहूजा की आधिकारिक यात्रा के तहत स्वागत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एसके सिंह थे।

सिंह ने इस मौके पर कहा कि जिस प्रकार से प्राकृतिक प्रकोप हो रहे हैं और जलवायु परिवर्तन के साथ पर्यावरण हमारे लिए चुनौती बनने वाला है। सरकार ने एक करोड़ पौधे रोपने का प्रण लिया है। सभी सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं को पर्यावरण के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। आज नदियां दूषित हो रही हैं। पहले लोग ईश्वर से डरते थे, इसलिए प्रकृति की पूजा की जाती थी।

उन्होंने कहा कि अभी यह डर समाप्त हो गया तो प्रकृति का विनाश भी शुरू हो गया है। पर्यावरण को बचाने के लिए पीपल और बरगद जैसे पौधे रोपने की आवश्यकता है। अंधाधुंध विकास से मानव ने शहरों को रहने लायक नहीं छोड़ा है। आज बाढ़ में गांव के गांव बहते नजर आ रहे हैं। जिस प्रकार से तकनीक आ रही है। आने वाला समय शिक्षकों के लिए भी चुनौती पूर्ण होगा। आने वाले समय में बच्चा जो चाहेगा शिक्षक को वही पढ़ाना होगा। क्योंकि अब भविष्य डिग्री का नहीं बल्कि हुनर और स्किल डेवलपमेंट का है।

किशन गुप्ता ने कहा कि लायंस क्लब कोटा साउथ लगातार सेवा कार्य कर रहा है। पिछले 60 दिनों में 130 से अधिक गतिविधियां की गई हैं। अब पर्यावरण के क्षेत्र में अधिकतम कार्य किया जाएगा। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर भी काम शुरू कर रहे हैं।

राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक समाज को नई दिशा देने वाला है। शिक्षक समाज और संस्कृति के साथ राष्ट्र का निर्माण भी करता है। सुषमा आहूजा ने कहा कि केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि अच्छा शिक्षक स्वयं के बारे में सोचने पर विवश करता है। कार्यक्रम में अशोक पारीक, जीपी मूंदड़ा, प्रतिभा गुप्ता, कुसुम गुप्ता, अनामिका राठौर, मंजूश्री त्रिपाठी, मंजू अग्रवाल, केके मित्तल, नवीन सिंघल समेत कई लोग मौजूद रहे।