नौतपा शुरू होते ही राजस्थान में बढ़े गर्मी के तेवर, फलौदी में पारा 50 डिग्री, गर्मी से 13 मरे

0
11

जयपुर। नौतपा (Nautapa) शुरू होने के साथ ही राजस्थान में गर्मी के तेवरों में और इजाफा हो गया है। प्रदेश का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग से मिले अपडेट के अनुसार, राजस्थान का फलौदी जिला सबसे गर्म रहा। यहां का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

सबसे ज्यादा तापमान के मामले में राजस्थान का बाड़मेर जिला रहा। यहां का तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान कई जिलों में भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। अब तक प्रदेश में गर्मी के कारण 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। कई जिलों में तापमान सामान्य से 2 डिग्री ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को जैसलमेर जिले का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 47.2 डिग्री सेल्सियस, चुरू में 47 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर में 46.5 डिग्री सेल्सियस, कोटा में 46.3 डिग्री सेल्सियस और जयपुर में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग से मिले अपडेट के अनुसार, गर्मी से अभी राहत के आसार नहीं हैं। चिकित्सा शिक्षा विभाग की तरफ से इस भीषण गर्मी को देखते हुए आवश्यक व्यवस्था करने के लिए कहा है। विभाग की तरफ से बताया गया कि इस दौरान कई संस्थानों में हीटवेव प्रबंधन में कमियां देखने को मिली हैं।

मौसम विभाग की इस चेतावनी के बाद राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को इमरजेंसी मोड पर डाल दिया गया है। अस्पतालों में लू की चपेट में आए मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रदेश में बिजली की खपत भी पीक पर पहुंच गई है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान बढ़ने की वजह से ओवरलोडिंग के चलते जीएसएस फेल हो रहे हैं।