बेंगलुरु। Chandrayaan-3 Latest News : चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद से प्रज्ञान रोवर लगातार चंद्रमा पर चहलकदमी कर रहा है। रोवर अपने मिशन में जुट गया है। इसरो को चंद्रमा की अलग-अलग एंगल से फोटो और वीडियो भेज रहा है। इसरो के ट्विटर हैंडल से इसे जारी किया जा रहा है।
चांद की सतह पर उतरने के बाद चंद्रयान-3 मिशन से जुड़ी सभी गतिविधियां तय समय पर हो रही हैं। इसके साथ ही सभी प्रणालियां सामान्य रूप से काम कर रही हैं। इसरो ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इसरो ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कहा कि विक्रम लैंडर में मौजूद पेलोड आईएलएसए, रंभा और चैस्टे चालू हो गए हैं। रोवर का संचालन भी किया जा रहा है। शेप पेलोड चालू है और प्रपल्शन मॉड्यूल रविवार को चालू किया गया था।
इसके अलावा इसरो ने चांद की सतह का एक वीडियो भी साझा किया है। इसरो के मुताबिक यह वीडियो लैंडर इमेजर कैमरे द्वारा चांद को छूने से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया था। दो मिनट सात सेकंड के इस वीडियो में चांद की सतह के मौजूद गड्ढे नजर आ रहे हैं और विक्रम लैंडर सतह की ओर बढ़ रहा है। वीडियो में धीरे-धीरे यह अपनी रफ्तार कम करता है और यह चांद की सतह पर आकर रुक जाता है।
ऊपर और नीचे जाने में सक्षम प्रज्ञान
भारत के रोवर का नाम प्रज्ञान है, जिसका संस्कृत में अर्थ है ज्ञान। यह विक्रम लैंडर से बाहर निकला और एक रैंप के जरिये चंद्रमा की सतह पर पहुंचा। छह पहियों वाला वाहन चंद्रमा के इलाके का सर्वेक्षण करने और तस्वीरें कैद करने के लिए अपने नेविगेशन कैमरों का उपयोग करेगा। यह विक्रम लैंडर से निकलकर आधा किलोमीटर की सैर करेगा। प्रज्ञान के मार्ग में छोटी चट्टानें या ढलानें बड़ी बाधाएं पैदा नहीं करेंगी, क्योंकि इसमें एक संस्पेंशन मौजूद है है जो इसे दो इंच ऊपर और नीचे जाने में सक्षम बनाता है। यह करीब 14 दिन यहां काम करेगा। हालांकि इसरो को उम्मीद है कि यह उसके बाद की काम कर सकता है।