‘सेवक श्री’ अधिवेशन 22 जनवरी को, हजारों लोग लेंगे सेवा की शपथ

0
98

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय जोशी कोटाआएंगे

कोटा। लाड़पुरा विधानसभा सेवा मंच के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 22 जनवरी को बोरखेड़ा स्थित एक रिज़ॉर्ट में प्रातः 11 बजे सेवा संकल्प कार्यक्रम ‘सेवक श्री’ अधिवेशन होगा।

अध्यक्ष खेमचंद शाक्यवाल एडवोकेट ने बताया कि अधिवेशन में हजारों लोग सेवा का संकल्प लेंगे। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय संगठन महामंत्री संजय विनायक जोशी होंगे। अध्यक्षता शनि मंदिर इंदौर के गजासीन महामंडलेश्वर दादू महाराज, मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष तपन भौमिक करेंगे। वहीं विशिष्ठ अतिथि पूर्व विधायक सुखराम कोली तथा समाजसेवी नितिन शर्मा होंगे।

उन्होंने बताया कि अधिवेशन में अनुशासित, कर्मठ और समर्पित भाव से सेवाकार्य में जुटे लोगों को ‘सेवक श्री सम्मान’ से अलंकृत किया जाएगा। साथ ही मानव मात्र की सेवा की शपथ भी ग्रहण कराई जाएगी।

गैर राजनीतिक संगठन
उन्होंने बताया कि लाड़पुरा विधानसभा सेवा मंच गैर राजनीतिक संगठन है। जो 26 जनवरी 2021 को गठन के समय से ही पूरी तरह से सेवाकार्यों के प्रति समर्पित रहा है। मंच अभी तक 5 हजार कोरोना कर्मवीरों का एकसाथ सम्मान कर रिकॉर्ड कायम कर चुका है।

इसके अलावा मूक पशु पक्षियों के लिए दाना, पानी, चारे की व्यवस्था, जरूरतमंद को भोजन वितरण, मास्क, दवा, वस्त्र वितरण का कार्य करता रहा है। जन समस्याओं के निराकरण के लिए शासन, प्रशासन और आमजन में सेतु का कार्य भी कर रहा है। वहीं आवश्यकता होने पर मंच लोकतांत्रिक आंदोलन से भी पीछे नहीं रहता है।

होगा सजग समितियों का गठन
शाक्यवाल ने बताया कि मंच की ओर से हर मौहल्ले में ‘सेवक श्री’ की नियुक्ति की जाएगी। इन्हें प्रशासन के सामने रखने के लिए सजग समितियों का गठन होगा। ये समितियां आमजन की समस्याओं को नौकरशाही के सामने रखकर त्वरित निस्तारण का प्रयास करेगी। ऐसी नियुक्तियां वार्ड, मंडल, प्रकोष्ठ स्तर पर भी की जाएगी।

सेवक श्री लेंगे सेवा की शपथ
उन्होंने बताया कि सेवक श्री को सेवा कार्यों की शपथ दिलाई जाएगी। वे स्वास्थ्य, पानी, बिजली, सड़क से जुड़ी समस्याओं के निराकरण, वंचितों को शिक्षा, पीड़ित और पिछड़े को सम्मान के लिए कार्य करेंगे। ये सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, भ्रष्टाचार को समाप्त करने, नशाबंदी, स्वच्छ पर्यावरण की शपथ लेंगे। सेवक श्री रक्तदान, नेत्रदान और देहदान के प्रति लोगों में जन जागृति लाने के लिए भी कार्य करेंगे।

हर रविवार को समस्या निवारण यात्रा
उन्होंने बताया कि प्रत्येक रविवार को ‘समस्या निवारण यात्रा.. आपके द्वार’ निकाली जाएगी। इस दौरान लोगों से प्रत्यक्ष संवाद कर समस्याओं को सुना जाएगा। जिन्हें सेवा मंच की विभिन्न कमेटियों को प्रेषित कर हल कराया जाएगा। मंच शासन, प्रशासन और आमजन के मध्य सेतु की भूमिका में कार्य करता है।