गीता फोगाट बोली, माता पिता जिनके साथ खड़े होते हैं, दुनिया उनको हरा नहीं सकती

0
184

माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में गीता फोगाट ने बच्चों को किया मोटिवेट

कोटा। अंतरराष्ट्रीय रेसलर और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता गीता फोगाट ने कहा कि लड़कियां यह न सोचे कि लोग क्या कहेंगे, समाज क्या कहेगा। जिनके माता पिता बच्चों के साथ खड़े होते हैं, उनको दुनिया हरा नहीं सकती, न ही आगे बढ़ने से रोक सकती।

माता-पिता को बच्चों को सपोर्ट करना चाहिए, वो आसमान छू सकते हैं। गीता फोगाट ने यह बात श्रीनाथपुरम स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में बच्चों को संबोधित करते हुए कही। वह आन्या फाउंडेशन की पहल पर आयोजित सेल्फ डिफेंस कार्यक्रम ‘में शिरकत करने कोटा आई थी। उन्होंने इस अवसर पर स्कूल में पौधरोपण भी किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए गीता ने कहा कि आज के समय में लड़कियों को मेंटली, फिजिकली स्ट्रांग व जागरूक होना बहुत जरूरी है। महिलाएं अपने आप को किसी भी तरह से कमजोर नहीं समझे। जो भी काम करें, अपना मन लगाकर करें। समाज के बारे में नहीं सोच कर, अपने फ्यूचर के बारे में सोचें। अपने सपनों को पंख लगाएं। सपने छोटे ना देखें, बड़े सपने देखें और सफलता मिलने तक राह नहीं छोड़ें ।

उन्होंने कहा कि समाज में लोगों की सोच बदल रही है, उसे और बदलने की जरूरत है। पेरेंट्स को भी चाहिए वो किसी की ना सोच कर अपने बच्चों के लिए सोचें। गीता फोगाट इस मुकाम पर पहुंच सकती है तो हर बच्ची क्यों नहीं पहुंच सकती। बच्चे जिस फील्ड में जाना चाहते हैं, उनको आगे बढ़ाइए।

उन्होंने कहा कभी जिंदगी में निराश नहीं होना चाहिए। जिंदगी में एक दरवाजा बंद होता है तो दूसरा दरवाजा खुलता है। बस हमें अपने आप को पहचानने की जरूरत है। अपने आप को निखारने की जरूरत है। कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। स्कूल पहुंचने पर गीता का कोटा नागरिक सहकारी बैंक लि. के अध्यक्ष राजेश बिरला, सिविल सेवक अंजलि बिरला, सीए आकांक्षा बिरला एवं वरिष्ठ आई स्पेशलिस्ट डॉ.शेलेन्द्र बिरला एवं डॉ. मीनू बिरला ने स्वागत किया।