सेंसेक्स 678 अंक फिसलकर 59307 पर बंद, 8 दिन में मार्केट कैप 17 लाख करोड़ घटा 

0
289

मुंबई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को बिकवाली के दबाव में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 677.77 अंकों (1.13 फीसदी) की गिरावट के साथ 59,306.93 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 185.60 अंकों (1.04 फीसदी) की गिरावट के साथ 17,671.65 के स्तर पर बंद हुआ। 

बाजार बंद होते समय सेंसेक्स के 9 शेयर्स बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 21 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 2.38% गिरकर 2,538 रुपए पर बंद हुआ। इसका मार्केट कैप 16.09 लाख करोड़ रुपए हो गया। इसी तरह कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, एक्सिस बैंक और इँफोसिस के शेयर्स 2% गिरावट के साथ बंद हुए। IRCTC का शेयर्स 7.85% गिरावट के साथ 845.65 रुपए पर बंद हुआ।

बढ़त वाले शेयर्स में मारुति, बजाज ऑटो, नेस्ले, एसबीआई, कैनरा बैंक, अल्ट्राटेक और डॉ रेड्‌डी के शेयर्स रहे। बीएसई पर कुल 3,399 शेयर्स में कारोबार हुआ। इसमें 1,727 शेयर्स बढ़त के साथ और 1,819 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। कुल मार्केट कैप 259.43 लाख करोड़ रुपए रहा। सुबह पहले ही 5 मिनट में मार्केट कैप 2 लाख करोड़ रुपए घट गया था। बाजार की गिरावट में बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयर्स का योगदान रहा। हालांकि सरकारी बैंक के शेयर ऊपर ही रहे।

150 अंक गिरावट के साथ खुला बाजार
आज सुबह BSE सेंसेक्स करीबन 150 अंक गिरकर 59,857 पर खुला था। कल यह 59,984 अंक पर बंद हुआ था। आज गिरावट के साथ खुलने पर बाजार में 800 अंक (0.9%) की आगे और गिरावट आई जिससे BSE सेंसेक्स 59,104 पर पहुंच गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 228 अंक गिर कर 17,628 पर कारोबार कर रहा था।

मार्केट कैप 259 लाख करोड़ रुपए हुआ
मार्केट कैप कल 261 लाख करोड़ रुपए था जो आज 2 लाख करोड़ रुपए घटकर 259 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है। कल मार्केट कैप में 4.80 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई थी। पिछले 8 दिनों में मार्केट कैप में 17 लाख करोड़ रुपए की गिरावट आई है। यानी हर दिन 2 लाख करोड़ की गिरावट रही है।

ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो दिनभर के कारोबार के बाद अल्ट्राटेक सीमेंट, डॉ रेड्डीज लैब्स, श्री सीमेंट्स, मारुति सुजुकी और सिप्ला के शेयर हरे निशान पर बंद हुए। वहीं टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, कोटक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और लार्सन के शेयर लाल निशान पर बंद हुए।