अतिवृष्टि से तबाह फसलों और क्षतिग्रस्त घरों का दिलवाएंगे मुआवजा : बिरला

0
268

कोटा। संसदीय क्षेत्र कोटा-बूंदी के दो दिवसीय प्रवास के दौरान सांगोद, केशवरायपाटन, लाडपुरा इटावा, सुल्तानपुर तथा कोटा के शहरी क्षेत्रों में अतिवृष्टि के कारण बिगड़े हालात का जायजा लेने के बाद लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि सभी जगह भारी नुकसान हुआ है।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश ने फसलों को तबाह कर दिया है। जगह-जगह कच्चे-पक्के घर ढह गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सर्वे की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कर प्रभावितों को मुआवजा दिलवाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को किसानों को फसल बीमा योजना से भी लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बिरला ने कहा कि लोगों को राहत पहुंचाने के लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता दिखानी होगी।

उन्होंने यह भी कहा कि घर चाहे कच्चा हो या पक्का हो, यदि अतिवृष्टि से नुकसान हुआ है तो उसका भी मुआवजा दिलवाया जाएगा। हमारी कोशिश होगी कि हर व्यक्ति को उसका छप्पर बनाने में मददगार बन सकें।

शहरी क्षेत्रों में पानी की निकासी की करें व्यवस्था
ग्रामीण क्षेत्र के दौरे पर जाने से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कोटा के शहरी क्षेत्र में स्थित कौटिल्य नगर, जनकपुरी, आदर्श काॅलोनी रवि विहार आदि क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। शहर में होने के बावजूद इन काॅलोनियों में पिछले सात दिनों से कई फीट पानी भरा हुआ है। लोगों की मांग पर बिरला ने अधिकारियों को कौटिल्य नगर में नाला में स्थायी निर्माण करवाने के निर्देश दिए ताकि पानी को काॅलोनी में आने से रोका जा सके।

इसी तरह जनक पुरी, आदर्श काॅलोनी, रवि विहार आदि क्षेत्रों में पानी के ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था करने को कहा। बिरला ने कहा कि बसावट हुए काफी समय बीत जाने के बावजूद इन काॅलोनियों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होना चिंताजनक है। उन्होंने नागरिकों से बात कर जल निकासी की व्यवस्था के लिए उनके भी सुझाव जाने।