नई दिल्ली। Stock Market Update 1:40 PM: भारतीय शेयर बाजार आज खुला तो हरे निशान पर, लेकिन ऐसी बिकवाली हुई कि क्रैश हो गया। सेंसेक्स डे हाई से करीब 1000 अंक से अधिक फिसल गया, जबकि निफ्टी 50 भी 23,000 के नीचे आ गया। इस गिरावट के चलते बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों के निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ स्वाहा हो गए।
इनका मार्केट कैप 472 लाख करोड़ रुपये से घटकर 468 लाख करोड़ रुपये रह गया है। प्राइवेट बैंकों के कमजोर प्रदर्शन, कच्चे तेल महंगाई और ग्लोबल मार्केट्स से मिले कमजोर संकेतों ने निवेशकों की धारणा पर दबाव डाला। सेंसेक्स में केववल 5 स्टॉक्स अडानी पोर्ट्स, स्टेट बैंक, एलएंडटी, मारुति और इंडिगो ही हरे निशान पर हैं। एचडीएफसी बैंक, ट्रेंट, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक बुरी तरह टूटे हैं।
बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 120 अंकों की तेजी के साथ 74849 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई के निफ्टी ने महज 4 अंक ऊपर 23150 के लेवल से सोमवार के कारोबार की शुरुआत की। चंद सेकेंड बाद ही सेंसेक्स 173 अंक नीचे 74555 पर आ गया।
सेंसेक्स एवं निफ्टी के लिए वैश्विक बाजार के संकेत
क्रूड की ऊंची कीमतें: एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक, भारतीय बाजार पूरे दिन सतर्क रह सकता है। क्रूड ऑयल की कीमतें लगातार ऊंची बनी हुई हैं और भू-राजनीतिक अनिश्चितता भी बाजार के लिए चिंता का विषय है। WTI क्रूड करीब 97–98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जबकि ब्रेंट 108 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर है। ऐसे में एनर्जी से जुड़े सेक्टरों पर दबाव बन सकता है। क्रूड की मजबूती रुपये पर भी भारी पड़ सकती है।
वॉल स्ट्रीट: अमेरिकी फ्यूचर्स में रविवार शाम को मिलाजुला रुख रहा। डॉऊ जोन्स 0.55 प्रतिशत गिरकर 51,891पर था। एस एंड पी 500 फ्यूचर्स 20–25 अंक ऊपर थे, लेकिन सप्ताह के दौरान यह इंडेक्स करीब 2 प्रतिशत गिरा। नस्डैक फ्यूचर्स करीब 250 अंक चढ़े थे, जबकि नस्डैक 2.19 प्रतिशत गिरकर 26,128.13 पर रहा। पिछले सप्ताह टेक्नोलॉजी शेयरों में भारी बिकवाली देखी गई थी।
एशियाई बाजार: दक्षिण कोरिया के कोस्पी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में तेज गिरावट रही। यह 179 अंक यानी 3.17 प्रतिशत गिरकर 5,488 पर खुला। कोस्डैक 0.93 प्रतिशत नीचे था। जापान का निक्केई 225 शुरुआत में 0.77 प्रतिशत गिरकर 64,819 पर खुला और बाद में 1.73 प्रतिशत गिरकर 64,194 तक आ गया। ताइवान का ताइएक्स इंडेक्स 1.42 प्रतिशत गिरकर 46,440 पर कारोबार कर रहा था।

