कोटा। कर्मयोगी सेवा संस्थान के जिला मुख्यालय रोटेदा रोड स्थित गुरु धाम कॉलोनी में आयोजित 27वें वार्षिक श्राद्ध तर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को नवमी का श्राद्ध विश्व विख्यात, प्रेरणादायी दिवंगत महिलाओं की आत्मशांति हेतु भावपूर्ण तरीके से समर्पित किया गया। इस अवसर पर समाज की 16 प्रमुख महिलाओं को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर उनका अभिनंदन किया गया।
तर्पण कार्यक्रम के दौरान नीलम शर्मा, कुसुम सिंह, नीलम सिंह, नंद कंवर सोलंकी, निशा महावर, राधा शर्मा, सूरज कंवर भाभीमारा, मनीषा धाकड़, कुसुम सिकरवार, ज्योति यादव और प्रिया हाडा सहित अन्य मातृशक्ति ने विधि-विधान से दिवंगत महान नारियों की आत्मा की शांति के लिए श्राद्ध एवं जल तर्पण किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों राजाराम जैन कर्मयोगी, अनिल कुमार शर्मा, योगेश शर्मा, हेमंत सिंह, हरिराम मीणा और मदन लाल शर्मा ने आमंत्रित महिलाओं को दुपट्टा, साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया। तर्पण एवं पूजन के पश्चात संस्थान द्वारा गरीबों, असहायों तथा ब्राह्मणों को खीर, पूरी और सब्जी का भोजन करवाकर पुण्य लाभ कमाया गया।
संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मयोगी सेवा संस्थान पिछले 27 वर्षों से निरंतर समाज, देश और मानवता के लिए योगदान देने वाली दिवंगत आत्माओं की स्मृति में यह श्राद्ध तर्पण आयोजन करता आ रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को ‘दसवीं का श्राद्ध’ देश के दिवंगत खिलाड़ियों, चित्रकारों, कलाकारों, पत्रकारों, साहित्यकारों, गीतकारों और संगीतकारों की दिव्य आत्माओं की शांति के लिए समर्पित रहेगा।

