विवेक राजवंशी कोटा नगर निगम में निर्विरोध उप महापौर निर्वाचित

0
3

कोटा। कोटा नगर निगम में उप महापौर के चुनाव में विवेक राजवंशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हुए। उप महापौर पद के लिए शनिवार को सुबह 11 बजे तक केवल एक ही नामांकन भारतीय जनता पार्टी के वार्ड नंबर 54 से निर्वाचित विवेक राजवंशी ने दाखिल किया था।

इसके लिए महापौर अनुसुइया गोस्वामी और पार्षद गोपाल राम मंडा नामांकन दाखिल करने पहुंचे थे। कांग्रेस के उपमहापौर पद के चुनाव के बहिष्कार के ऐलान के कारण जांच के बाद विवेक राजवंशी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

उप महापौर पद के प्रत्याशी विवेक राजवंशी कोटा नगर निगम में चार बार के पार्षद हैं। वे पिछले बोर्ड में नेता प्रतिपक्ष थे। इसके अलावा उन्हें भाजपा के शासन में मेला समिति का अध्यक्ष भी रह चुके हैं। नामांकन दाखिल करने आई अनुसुइया गोस्वामी का कहना था कि भाजपा पार्षद दल ने डिप्टी मेयर के लिए विवेक राजवंशी को चुना है। यह निर्णय पूरी सर्वसम्मति से हुआ है।

बीजेपी पर कांग्रेस पार्षदों को धमकाने का आरोप
इस बीच कांग्रेस की ओर से उप महापौर के चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान किया गया था। नतीजे घोषित होने तक कांग्रेस की ओर से कोई नामांकन नहीं भरा गया था। जिला अध्यक्ष राखी गौतम ने आरोप लगाया है कि चुनाव के दौरान कांग्रेस पार्षदों को सरकार की ओर से डराया धमकाया गया है। महापौर के चुनाव के दौरान कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग हुई थी। कांग्रेस को उनके पार्षदों की संख्या से कम वोट मिले थे।

भाजपा के 57 और दो निर्दलीयों का समर्थन मिलकर 59 हो गए थे, जबकि कांग्रेस के 39 पार्षद और एक निर्दलीय का समर्थन मिलकर 40 हो गए थे। इसके अलावा एक निर्दलीय स्वतंत्र होकर मतदान करने के लिए पहुंचे थे। महापौर चुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी को 65 और कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता कुमारी सुमन को 35 वोट मिले थे, इनमें 5 वोट क्रॉस हुए थे। इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने निर्वाचन प्रक्रिया से दूर रहने का निर्णय लिया था।