रोबोटिक कैमरा और 200MP सेंसर के साथ Honor Robot Phone लॉन्च, जानिए फीचर्स

0
2

नई दिल्ली। स्मार्टफोन ब्रैंड HONOR ने आखिरकार अपने चर्चित Robot Phone को चीन में लॉन्च कर दिया है। फोन में एक रोबोटिक गिम्बल कैमरा सिस्टम दिया गया है, जो जरूरत के हिसाब से खुद घूम सकता है और सब्जेक्ट को फ्रेम में रखने के लिए ट्रैक कर सकता है। कंपनी ने इस फोन को 2026 में MWC में भी शोकेस किया था और अब इसे कमर्शियली लॉन्च किया गया है।

HONOR Robot Phone में ऊपर की तरफ एक मोटराइज्ड कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। यह कैमरा तीन-अक्ष वाले मैकेनिकल गिम्बल स्टेबलाइजेशन के साथ आता है और AI बेस्ड सब्जेक्ट ट्रैकिंग को सपोर्ट करता है। यानी वीडियो रिकॉर्ड करते समय कैमरा सब्जेक्ट की एक्टिविटी के हिसाब से अपना डायरेक्शन बदल सकता है।

फायदा खास तौर पर उन यूजर्स को मिल सकता है जो बिना ट्राइपॉड के वीडियो रिकॉर्ड करना चाहते हैं। कैमरा खुद सब्जेक्ट को फ्रेम में रखने की कोशिश करता है, जिससे व्लॉगिंग, रील्स और अन्य कंटेंट बनाने में फोन एक तरह के कॉम्पैक्ट कैमरा सिस्टम की तरह काम कर सकता है।

HONOR ने कैमरा सिस्टम के लिए फिल्म इंडस्ट्री की कंपनी ARRI के साथ भी साझेदारी की है। कंपनी इसे स्मार्टफोन कैमरा और AI के बीच एक नए तरह के एक्सपेरिमेंट के तौर पर पेश कर रही है।

200MP के दो कैमरे
फोटोग्राफी के लिए HONOR Robot Phone में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। इसमें 200MP का मुख्य कैमरा है, जिसमें 1/1.28-इंच CMOS सेंसर, f/1.6 अपर्चर और गिम्बल स्टेबलाइजेशन मिलता है।

इसके अलावा फोन में 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा दिया गया है, जो 2.7x ऑप्टिकल जूम और 200x तक डिजिटल जूम सपोर्ट करता है। तीसरा कैमरा 50MP का अल्ट्रा-वाइड सेंसर है, जिसका फील्ड ऑफ व्यू 122 डिग्री है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 50MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है। रियर कैमरा 120fps पर 4K वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है, जबकि फ्रंट कैमरा 60fps पर 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है।

Snapdragon 8 Elite Gen 5 और 16GB RAM
परफॉर्मेंस के लिए HONOR Robot Phone में Qualcomm का Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ Adreno 840 GPU मिलता है। फोन में अधिकतम 16GB LPDDR5X RAM और 1TB इंटरनल स्टोरेज का विकल्प है। सॉफ्टवेयर की बात करें तो यह MagicOS 10 पर चलता है। फोन में 6.31 इंच का OLED डिस्प्ले है, जिसका रेजॉल्यूशन 1,216×2,640 पिक्सल और रिफ्रेश रेट 120Hz है। कंपनी के अनुसार डिस्प्ले की पीक HDR ब्राइटनेस 6800 निट्स तक पहुंचती है।

7060mAh की बड़ी बैटरी
HONOR ने फोन में 7060mAh की बैटरी दी है। यह 120W वायर्ड फास्ट चार्जिंग और 50W वायरलेस चार्जिंग को सपोर्ट करती है। इसमें वायरलेस रिवर्स चार्जिंग का विकल्प भी दिया गया है।कनेक्टिविटी के लिए फोन में 5G, Wi-Fi 7, Bluetooth 6.0, NFC, USB Type-C, GPS, NavIC, Galileo और GLONASS जैसे विकल्प मिलते हैं। इसमें IR रिमोट कंट्रोल, स्टीरियो स्पीकर, चार माइक्रोफोन और 3D अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है।

Honor Robot Phone की कीमत
HONOR Robot Phone की चीन में शुरुआती कीमत 9,999 युआन रखी गई है। इस कीमत में 12GB RAM और 512GB स्टोरेज वाला मॉडल मिलता है। वहीं 16GB RAM और 1TB स्टोरेज वाले टॉप मॉडल की कीमत 12,999 युआन है। भारतीय मुद्रा में ये कीमतें करीब 1.41 लाख रुपये और 1.83 लाख रुपये के बराबर हैं। फोन को Moon Shadow Grey और Star Trail Silver कलर में पेश किया गया है।