Stock Market: लगातार दूसरे दिन गिरावट के साथ बंद हुए बाजार, सेंसेक्स 188 अंक टूटा

0
4

नई दिल्ली। Stock Market Closed: पश्चिम एशिया में तनाव, कच्चे तेल की कीमत में तेजी और कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन गिरावट आई। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 600 अंक से अधिक गिरा जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 24,300 अंक से नीचे आ गया।

अंत में सेंसेक्स 187.90 अंक यानी 0.24% नीचे 77,966.35 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 35.75 अंक यानी 0.15% की गिरावट के साथ 24,435.95 अंक पर आ गया। इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले 0.1% मजबूत होकर 95.33 पर बंद हुआ। पिछले सत्र में यह 95.4350 पर क्लोज हुआ था।

सेंसेक्स के 30 में से 21 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। टाटा ग्रुप की कंपनी टीसीएस में सबसे ज्यादा गिरावट आई। कारोबार के दौरान यह 5 फीसदी से ज्यादा गिर गया था। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने रिजाइन कर दिया है। इससे ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट आई। टीसीएस का शेयर 3.71 फीसदी गिरावट के साथ बंद हुआ। टाटा स्टील, ट्रेंट और टाइटन में भी गिरावट रही।

टॉप लूजर्स एंड टॉप गेनर्स
महिंद्रा एंड महिंद्रा, एलएंडटी, इटरनल, इन्फोसिस, आईटीसी, बजाज फाइनेंस, मारुति, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंडिगो, सन फार्मा, एक्सिस बैंक, एनटीपीसी, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व और एशियन पेंट्स के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर एसबीआई, भारतीय एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, पावरग्रिड, रिलायंस, बीईएल, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयर तेजी के साथ बंद हुए।

ब्रॉडर मार्केट का हाल
निफ्टी50 इंडेक्स में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट और अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइस सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर रहे। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप में 0.28 प्रतिशत की तेजी आई जबकि निफ्टी स्मॉलकैप में 0.18 प्रतिशत की गिरावट आई। सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी आईटी में 1.54 प्रतिशत की गिरावट आई और यह सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा। वहीं, निफ्टी पीएसयू बैंक में 2 प्रतिशत की बढ़त हुई।