तीज माता की प्रतिमा स्थापना के साथ ही श्रावणी तीज मेले का आगाज

0
4

100 ग्राम सोने एवं 500 ग्राम चांदी के आभूषणों से हुआ तीज माता का अलौकिक श्रृंगार

कोटा। श्रावणी तीज मेला महोत्सव आयोजन समिति के तत्वावधान में कोटा जंक्शन स्थित भरावा सदन में मंगलवार को तीज माता की प्रतिमा की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर स्थापना की गई।

इस अवसर पर माता रानी का 100 ग्राम सोने एवं 500 ग्राम चांदी के अलौकिक आभूषणों तथा मोतियों के सुंदर वर्क वाले जयपुरिया लहंगा-चुन्नी से 16 श्रृंगार किया गया। मंत्रोच्चार और जयकारों के बीच माता की स्थापना के साथ ही कोटा के ऐतिहासिक 59वें पारंपरिक तीज मेला महोत्सव का विधिवत आगाज हो गया।

मेला अध्यक्ष बसंत कुमार भरावा ने बताया कि आगामी 15 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक स्टेशन स्थित हाट बाजार रोड पर 11 दिवसीय पारंपरिक मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। मेले में देशभर से विभिन्न प्रांतों के व्यापारी अपनी दुकानें एवं स्टॉल लेकर पहुँच रहे हैं।

संयोजक श्याम भरावा ने बताया कि पिछले 58 वर्षों से स्टेशन हाट बाजार रोड पर यह रंगारंग मेला आयोजित होता आ रहा है। इस वर्ष मेले को अधिक आकर्षक बनाने के लिए विशेष रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिसके ऑडिशंस की जिम्मेदारी एंकर नरेश कारा को सौंपी गई है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि 15 अगस्त को सायं 6 बजे कोटा जंक्शन स्थित कुलकर्णी हॉल में हाडोती के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।जिसके पश्चात तीज माता की भव्य सवारी (शोभायात्रा) निकाली जाएगी। इसके बाद अजय आहूजा पार्क के पास, हाट रोड, कोटा जंक्शन स्थित मेला रंगमंच पर प्रतिदिन सायं 7:30 बजे से 10 दिवसीय विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

ये होंगे आयोजन

  • 15 अगस्त: कुलकर्णी हॉल में मेला उद्घाटन, हाडोती लोक कला प्रदर्शन एवं तीज माता की भव्य सवारी।
  • 16 अगस्त: ‘भूली बिसरी यादें’ — लता मंगेशकर, आशा भोंसले, मो. रफी, मुकेश व किशोर कुमार के सदाबहार गीतों की संगीतमय शाम।
  • 17 अगस्त: श्री खाटू श्याम बाबा का विशाल एवं भव्य जागरण।
  • 18 अगस्त: देशप्रेमी गीतों से सजी संध्या ‘एक शाम शहीदों के नाम’।
  • 19 अगस्त: संगीत वाटिका द्वारा देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुति ‘एक शाम देश के नाम’।
  • 20 अगस्त: ओपन सिंगिंग कार्यक्रम ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’।
  • 21 अगस्त: सागरिका सरगम, महफिल हैप्पीनेस ग्रुप द्वारा सुरीली प्रस्तुतियां।
  • 22 अगस्त: रॉकस्टार उमंग मित्तल ग्रुप द्वारा नवीनतम व लोकप्रिय फिल्मी गीतों की धमाकेदार प्रस्तुति।
  • 23 अगस्त: भव्य सम्मान समारोह एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेला महोत्सव का समापन।