इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब की ऐतिहासिक पहल, आकार लेने लगीं गणेश प्रतिमाएं

0
7

क्लब सार्वजनिक पंडालों पर स्थापना के लिए निशुल्क वितरित करेगा प्रतिमाएं

कोटा। इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब ने एक ऐतिहासिक पहल के तहत् गणपति प्रतिमाएं आकार लेने लगीं हैं। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल के संयोजन में क्लब के प्रथम अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल और मुख्य संरक्षक डॉ. अरुणा अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापक तैयारियां चल रही हैं।

उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत क्लब द्वारा गणेश चतुर्थी पर 1151 मिट्टी की गणपति प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को निशुल्क वितरित की जाएंगी। जिसके लिए स्थापित क्लब की कार्यशाला में मूर्तिकारों द्वारा गणेश प्रतिमाओं को भव्य और आकर्षक रुप दिया जा रहा है।

​अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल ने बताया कि क्लब द्वारा घर-परिवारों में व्यक्तिगत रूप से स्थापित करने के लिए 9 इंच एवं 12 इंच की सुंदर प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। वहीं, विभिन्न सार्वजनिक पंडालों और प्रमुख स्थानों पर स्थापना हेतु 4 फीट तथा 6 फीट आकार की भव्य गणेश प्रतिमाएं निर्मित की जा रही हैं। ये सभी प्रतिमाएं पूरी तरह से प्राकृतिक मिट्टी से बनाई जा रही हैं और इन्हें सजाने के लिए केवल जल में आसानी से घुलनशील इको फ्रेंडली रंगों का ही उपयोग किया जा रहा है।

​पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश
एमएल अग्रवाल ने बताया कि ​पर्यावरण और पर्यावरण-स्वास्थ्य के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए क्लब ने प्लास्टर ऑफ पेरिस और विषैले रासायनिक रंगों से बनी मूर्तियों के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला। क्लब के अनुसार, पीओपी की मूर्तियां जलाशयों में वर्षों तक नहीं घुलती हैं और रसायनों के कारण न केवल जल प्रदूषित होता है, बल्कि जलीय जीवों के जीवन पर भी गंभीर संकट उत्पन्न हो जाता है। दूषित जल ही कई गंभीर बीमारियों की मुख्य जड़ है, इसलिए जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। इसी उद्देश्य से 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के शुभ अवसर पर इको फ्रेंडली प्रतिमाएं स्थापित करने का संकल्प लिया गया है।

​सितंबर के प्रथम सप्ताह में घोषित होगी वितरण की तिथि
​महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ ने बताया कि क्लब द्वारा निशुल्क इको फ्रेंडली प्रतिमाओं के वितरण को आमजन में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग लगातार क्लब के पदाधिकारियों से प्रतिमाएं प्राप्त करने हेतु संपर्क कर रहे हैं। जनता की बढ़ती मांग को देखते हुए क्लब ने निशुल्क वितरित की जाने वाली मूर्तियों की संख्या को पूर्व निर्धारित 1059 से बढ़ाकर 1151 कर दिया है। प्रतिमाओं के वितरण की अंतिम तिथि की घोषणा सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में कर दी जाएगी।