टूर ऑपरेटर्स बोले, हाड़ोती में राष्ट्रीय स्तर का बेहतरीन वाइल्ड लाइफ डेस्टिनेशन बनने की क्षमता
कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन, इंडिया ऑउटा बॉक्स कलर्स आफ इंडिया के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित हाड़ोती-मेवाड़ फेम टूर के चौथे दिन शनिवार को 11 राज्यों से आए 50 से अधिक टूर ऑपरेटर्स ने मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया।
यहां की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ियों, हरियाली, जलाशयों और विविध वन्यजीवों से समृद्ध मुकुंदरा के जंगल को देखकर सभी टूर ऑपरेटर्स ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर एक बेहतरीन वाइल्ड लाइफ एवं जंगल सफारी डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होने की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र बताया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि फेम टूर में शामिल टूर ऑपरेटर्स के साथ कोटा पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव, झालावाड़ पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सिराज भाई, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान एवं जयपुर से आयी टीम के सदस्यों, रिटायर्ड डीएफओ दौलत सिंह शक्तावत, होटल फेडरेशन के सचिव कौशल बंसल एवं सलाहकार अनिल मूंदड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व की जंगल सफारी की।
सफारी के दौरान टूर ऑपरेटर्स को करीब एक घंटे तक टाइगर की गतिविधियों को देखने का रोमांचक अवसर मिला। टाइगर की विभिन्न गतिविधियों को उन्होंने अपने कैमरों और मोबाइल में कैद किया। इसके अलावा करीब तीन घंटे की जंगल सफारी के दौरान सांभर, चीतल, नीलगाय, जंगली सूअर, हिरण, चिंकारा, सियार, मोर सहित अनेक वन्यजीवों का दीदार किया। सभी टूर ऑपरेटर्स ने मुकुंदरा की पहाड़ियों, घने जंगल, हरियाली और वन्यजीवों की विविधता को देखकर कहा कि यहां की जंगल सफारी और चंबल सफारी को मिलाकर हाड़ोती को देश के प्रमुख वाइल्ड लाइफ टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा सकता है।
इस अवसर पर इंडिया आउटा बॉक्स प्राइवेट लिमिटेड के सी ई ओ फाउण्डर विन्नी के. विलियम्स ने कहा कि चंबल रिवर फ्रंट के साथ वाइल्ड लाइफ और एडवेंचर टूरिज्म हाड़ोती के पर्यटन को नई पहचान दिला सकता है।
चार दिनों के भ्रमण के बाद हमारे टूर ऑपरेटर्स ने होटल फेडरेशन के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों के समक्ष अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पिछले चार दिनों में कोटा-बूंदी के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर उन्हें हाड़ोती की मार्केटिंग का एक बेहतरीन अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि हम आगे भी हाडोती में लगातार फेम टूर आयोजित करते रहेंगे और अन्य राज्यों के ट्रैवल एजेंट को भी हाड़ोती लाएंगे
पुणे से आए फ्लाई हॉली डे के आसीफ शेख ने बताया कि पर्यटक ऐसे पर्यटन स्थलों की तलाश करता है, जहां इतिहास, संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य, आधुनिक पर्यटन और एडवेंचर सभी का एक साथ अनुभव मिल सके। हाड़ोती में यह विविधता मौजूद है।
टूर ऑपरेटर्स ने बूंदी के तारागढ़ दुर्ग, कोटा के गढ़ पैलेस एवं अभेड़ा महल, कोटा चंबल रिवर फ्रंट, सिटी पार्क, किशोर सागर तालाब, बूंदी के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, रानीजी की बावड़ी, नवल सागर, जैत सागर तथा चंबल नदी पर बने हैंगिंग ब्रिज सहित अनेक पर्यटन स्थलों की जमकर सराहना की। हैंगिंग ब्रिज को देखकर उन्हें इटली के वेनिस शहर जैसी सुंदरता की छटा देखने को मिली ।
गुवाहाटी से रेल्यूड ट्रेवल्स के मनीष दास ने चंबल सफारी एवं गड़रिया महादेव के प्राकृतिक सौंदर्य को भी विश्वस्तरीय एडवेंचर टूरिज्म की संभावनाओं वाला बताया। चंबल में घड़ियाल. भालू. पेन्थर. उदबिलाऊ एवं अन्य जलीय जीवों तथा आसपास के प्राकृतिक परिदृश्य को उन्होंने पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बताया।
मुम्बई से आए मनु केरिंग ने बताया कि मेरी मातृ भूमि राजस्थान है। पहली बार यहां आकर लगा की उदयपुर के बाहर भी झीलों का इस सोन्दर्य तरह देखकर मन प्रसन्न हो गया। यहां पर वेडिंग डेस्टिनेशन की काफी सम्भावनाएं है। कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के बाद हाड़ोती में पर्यटकों की आवक लगातार बढ़ रही है।
ग्लोबल होलिडे मुम्बई की दिप्ती कुमारी ने बताया की यहां के पर्यटन स्थल बेहद खुबसूरत है विश्व का अद्भुत ऐतिहासिक चम्बल रिवर फ्रंट को बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने पर्यटन जीवन में ऐसा आकर्षक रिवर फ्रंट पहले कभी नहीं देखा।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया मेवाड़ – हाड़ोती की सात दिवसीय पर्यटन सर्किट तैयार किया गया है, जिसमें उदयपुर, नाथद्वारा, श्री सांवलिया सेठ, चित्तौड़गढ़, बूंदी एवं कोटा को शामिल किया गया है।
जयपुर व उदयपुर आने वाले पर्यटकों के लिए कोटा एक्जिट पोईन्ट के रूप में डवलप हो रहा है। हाड़ोती को आगरा, भरतपुर, रणथंभौर एवं जोधपुर पर्यटन सर्किट से जोड़ने तथा जयपुर संभाग के साथ अलग पर्यटन आइटिनरी विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
करनाल से आए ट्रेवल राउटर के गुलाब सचदेवा ने कहा कि हाड़ोती में डेस्टिनेशन वेडिंग की भी अपार संभावनाएं है। यहां के होटल एवं रिसोर्ट अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में किफायती पैकेज उपलब्ध करा सकते हैं। ऐतिहासिक धरोहर, प्राकृतिक स्थल, बेहतर खान-पान और राजस्थानी संस्कृति डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।
वडोदरा से आए सत्य सॉई टूर के आशीष ने सुझाव दिया कि बूंदी मे स्वच्छता एवं कोटा में नाइट टूरिज्म, बड़े ग्रुपों के लिए होटल-रिसोर्ट की सुविधाओं तथा पर्यटन स्थलों के आसपास पर्यटक सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
मुंबई से आई को हॉलीडे की पूजा दाधीच ने बताया कि जिस तरह से हाड़ोती में उनका आतिथ्य-सत्कार किया गया, अब उनका भी दायित्व बनता है कि वे हाड़ोती को देश-विदेश के पर्यटकों तक नई पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में पहुंचाएं और अधिक से अधिक पर्यटकों को यहां भेजने का प्रयास करें।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व के भ्रमण के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने सरिस्का, रणथंभौर एवं गिर जैसे राष्ट्रीय अभ्यारण्यों का भ्रमण किया है, लेकिन मुकुंदरा की पहाड़ियां, हरियाली, जलाशय और वन्यजीवों की विविधता इसे अलग पहचान देते हैं।
उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से आने वाले समय में मुकुंदरा हाड़ोती के प्रमुख वाइल्डलाइफ पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। यहां आने वाला पर्यटक स्वयं इसके राष्ट्रीय स्तर तर प्रचार प्रसार का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान द्वारा नई पर्यटन डेस्टिनेशन विकसित करने के अभियान में होटल फेडरेशन, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं उनकी टीम ने हाड़ोती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में सराहनीय प्रयास किए हैं।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष माहेश्वरी ने कहा कि हवाई सेवा के अभाव में विदेशी पर्यटकों का आवागमन कम, फिल्मों की शूटिंग एवं डेस्टिनेशन वेडिंग का न होना हाड़ोती पर्यटन के सामने एक बड़ी चुनौती रही है।
महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा मेवाड़-हाड़ोती की सात दिवसीय पर्यटन सर्किट तैयार किया गया है, जिसमें उदयपुर, नाथद्वारा, श्री सांवलिया सेठ, चित्तौड़गढ़, बूंदी एवं कोटा को शामिल किया गया है ।
आज फेम टूर के दौरान टूर ऑपरेटर्स को कोटा के रामपुरा बाजार, भैरू गली, कोटा साड़ी मार्केट सहित हेरिटेज बाजारों एवं शहर की ऐतिहासिक इमारतों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान सभी टूर ऑपरेटर्स ने कोटा की प्रसिद्ध कचौरी का स्वाद भी लिया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने फेम टूर को सफल बनाने जंगल सफारी एवं चम्बल सफारी में सहयोग देने वाले अधिकारियों एवं विभागों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमे 11 राज्यों से आए टूर ऑपरेटर्स को हाड़ोती के पर्यटन स्थलों की वास्तविक खूबियों से परिचित कराने में सफलता मिली है। यह फेम टूर हाड़ोती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

