कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर संचालित सांसद जनसेवा अभियान के तहत मंगलवार को नांता में जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की सहभागिता से आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया तथा कुल 477 नागरिकों को विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला।
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि शिविर में खाद्य सुरक्षा योजना से संबंधित 142 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें सिडींग और मैपिंग न होने व राशन कार्ड बंद होने के कारण लाभ से वंचित परिवारों के ई-केवाईसी सहित आवश्यक प्रक्रियाएं मौके पर पूरी कराई गईं तथा 67 खाद्य सुरक्षा कार्ड को शिविर में ही शुरू करा दिया गया।
आधार कार्ड संशोधन से जुड़े 85 प्रकरण, श्रमिक डायरी के 122 प्रकरण प्राप्त हुए। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के 21, मतदाता सेवा के 38 तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित 46 प्रकरण प्राप्त हुए। अधिकांश मामलों का शिविर में ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
शिविर में 510 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच भी की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श, 27 प्रकार की स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। सांसद जनसेवा अभियान के अंतर्गत पात्र नागरिकों के दस्तावेजों का सत्यापन, त्रुटि-सुधार एवं नवीन पंजीकरण किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
अभियान के माध्यम से आधार कार्ड, जनआधार, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान कर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जा रहा है।
5 से 10 अगस्त तक इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
सांसद जनसेवा अभियान के अंतर्गत आगामी शिविर 5 अगस्त को जिशान मैरिज गार्डन बालिता रोड, 6 अगस्त को सामुदायिक भवन, बीड़ के बालाजी के पास, 7 अगस्त को संत तुकाराम सामुदायिक भवन, नाका चुंगी कुन्हाड़ी, 8 अगस्त को काली बस्ती, थर्मल चौराहा, सकतपुरा, 9 अगस्त को नया सामुदायिक भवन, बड़गांव (कोटा) तथा 10 अगस्त को ताखाजी के मंदिर, गिरधरपुरा में आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे।

