स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर में जिला प्रधान ने पौधारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण संदेश

0
8

कोटा। राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, कोटा जिले की ओर से मंडल प्रशिक्षण केंद्र आलनिया में आयोजित स्काउट मास्टर एवं कब मास्टर बेसिक कोर्स प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे स्काउट मास्टर एवं कब मास्टर प्रतिभागियों से संवाद करते हुए स्काउट आंदोलन के मूल उद्देश्यों, सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में स्काउट-गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में प्रकाश जायसवाल ने कहा कि स्काउट-गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की ऐसी सशक्त पाठशाला है, जो युवाओं में सेवा भावना, आत्मविश्वास, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करती है।

उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आग्रह किया कि शिविर में प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाजहित में करते हुए अधिक से अधिक युवाओं को स्काउट-गाइड आंदोलन से जोड़ने का प्रयास करें।

शिविर अवलोकन के उपरांत प्रकाश जायसवाल ने शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर. कोटा-बारां एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ, कोटा दक्षिण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।

इस अवसर पर उन्होंने आम, सहजन, कटहल एवं शहतूत सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए तथा सभी उपस्थितजनों से पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु तथा बेहतर प्राकृतिक संसाधन उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान एल.ओ.सी. मधुसूदन शर्मा , हीरा लाल रावत, सुरेश शर्मा एवं गोपाल कृष्ण मिश्रा का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण शिविर की गतिविधियों, प्रशिक्षण पद्धति एवं स्काउट-गाइड आंदोलन की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी देते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर समाज सेवी सुखदेव गुर्जर , रूप चंद शर्मा ,यूथ कमेटी के अध्यक्ष मनराज गुर्जर, सूरज दारोकर , राजाराम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी शामिल थे

प्रशिक्षण शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का वातावरण सेवा, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित स्काउट-गाइड सदस्यों एवं प्रशिक्षणार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण तथा समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।