पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन 4 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे

0
5

जयपुर। राजस्थान की विकास यात्रा में 4 जुलाई एक ऐतिहासिक तारीख के रूप में दर्ज होने जा रही है। जिस पचपदरा रिफाइनरी का इंतजार वर्षों से किया जा रहा था और जिसका उद्घाटन आखिरी समय में टल गया था, उसका सपना अब पूरा होने वाला है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा पहुंचकर देश की सबसे आधुनिक और हाईटेक पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास, यमुना जल समझौते पर हस्ताक्षर और 45 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर वे राजस्थान को विकास के कई बड़े उपहार देंगे।

पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन पहले 21 अप्रैल को प्रस्तावित था। तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और पूरे प्रदेश की नजरें इस कार्यक्रम पर टिकी थीं। लेकिन उद्घाटन से ठीक एक दिन पहले 20 अप्रैल को रिफाइनरी परिसर में आग लग गई। इस घटना के बाद प्रधानमंत्री का दौरा स्थगित करना पड़ा। उस समय हजारों लोगों की उम्मीदों को झटका लगा था, लेकिन अब लगभग ढाई महीने बाद वह इंतजार खत्म होने जा रहा है।

करीब 79 हजार 459 करोड़ रुपए की लागत से 4500 एकड़ क्षेत्र में बनी पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान के औद्योगिक भविष्य की रीढ़ माना जा रहा है। यह सिर्फ एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि पश्चिमी राजस्थान की तस्वीर बदलने वाला विकास केंद्र है। इससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है, वहीं पेट्रोकेमिकल उद्योगों के लिए भी नए रास्ते खुलेंगे।

अप्रैल में लगी आग के बाद रिफाइनरी के मुख्य क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) को नुकसान पहुंचा था। विशेषज्ञों की निगरानी में मरम्मत कार्य किया गया और करीब दो महीने बाद 19 जून को उत्पादन फिर से शुरू हुआ। इसके बाद से परियोजना को पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी गई।

जयपुर मेट्रो फेज-2 से बदलेगी राजधानी की रफ्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का भी शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना राजधानी के ट्रैफिक सिस्टम को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है। करीब 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली इस परियोजना के तहत प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

करीब 43 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में उत्तर-दक्षिण दिशा में मेट्रो का विस्तार होगा। टोंक रोड से लेकर सीकर रोड तक शहर के प्रमुख हिस्सों को जोड़ने वाली यह लाइन राजधानी में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत बनाएगी। परियोजना के लिए केंद्र सरकार पहले ही 13,037.66 करोड़ रुपए की मंजूरी दे चुकी है।

36 स्टेशनों से जुड़ेगा पूरा कॉरिडोर
मेट्रो फेज-2 के तहत प्रहलादपुरा से टोडी मोड़ तक कुल 36 स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे लाखों यात्रियों को रोजाना राहत मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे सड़क यातायात का दबाव कम होगा, यात्रा समय घटेगा और जयपुर के विकास को नई गति मिलेगी।

रिफाइनरी बनेगी ग्रोथ इंजन
जयपुर के सांगानेर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पचपदरा रिफाइनरी को राजस्थान का “ग्रोथ इंजन” बताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के आर्थिक विकास को नई दिशा देगी और निवेश के नए अवसर पैदा करेगी। मुख्यमंत्री ने जयपुर मेट्रो फेज-2 को भी राजधानी के लिए गेम चेंजर परियोजना बताया।

यमुना जल समझौते पर भी रहेगी नजर
प्रधानमंत्री की मौजूदगी में राजस्थान और हरियाणा के बीच यमुना जल समझौते को लेकर मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एमओए) पर हस्ताक्षर भी होंगे। लंबे समय से चर्चा में रहे इस समझौते को दोनों राज्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे भविष्य में जल प्रबंधन और जल उपलब्धता के नए रास्ते खुल सकते हैं।

45 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार का संदेश
4 जुलाई का कार्यक्रम सिर्फ परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी 45 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे। ऐसे समय में जब रोजगार युवाओं के लिए सबसे बड़ा मुद्दा बना हुआ है, यह कार्यक्रम हजारों परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आएगा।