ईरान का अमेरिका पर पलटवार; बहरीन और कुवैत में हमले, जहाजों पर गोलीबारी

0
16

तेहरान। US Iran war: अमेरिका के हमलों के बाद ईरान ने जवाबी हमले किए हैं। ईरानी सेना ने कहा है कि उसने बहरीन और कुवैत में अमेरिकी मिलिट्री बेस पर अटैक किए हैं। ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में दो जहाजों को भी निशाना बनाने का दावा किया है।

अमेरिका के ईरान पर गुरुवार तड़के किए गए हमलों के बाद ईरान के जवाबी अटैक से पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। इससे एक बार फिर पूरे क्षेत्र के युद्ध में लौटने का अंदेशा पैदा हो गया है।

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की ओर से कहा गया है कि उसने गुरुवार तड़के बहरीन के शेख ईसा एयरबेस और कुवैत के अली अल सलेम और अहमद अल-जाबेर एयरबेस पर ड्रोन हमले किए है। साथ ही होर्मुज जलडमरूमध्य से ‘गैर-कानूनी रूप से’ गुजरने की कोशिश करने वाले दो तेल टैंकरों पर भी हमला किया गया है।

IRGC ने अमेरिका पर 8 अप्रैल को लागू हुए सीजफायर का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। बयान में कहा गया है कि अमेरिका सीजफायर का सम्मान ना करते हुए हमले कर रहा है। ऐसे में ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है। इस जलमार्ग से तेल टैंकरों और कमर्शियल जहाजों की आवाजाही बंद रहेगी।

अमेरिका के ताजा हमलों के बाद यह तनाव बढ़ा है। ईरान के सरकारी मीडिया ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास केशम द्वीप और बंदर अब्बास व सिरिक शहरों में धमाकों की खबर दी। दक्षिणी शहर करगन में भी धमाके हुए, जिसमें कम से कम दो लोग घायल हो गए। ईरान ने कहा है कि हमलों को बिना जवाब दिए नहीं छोड़ा जाएगा।

अमेरिका हताश
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अपने एक एक्स पोस्ट में कहा है कि जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर लोगों की जीवन-रेखा होते हैं। ट्रांसपोर्ट नेटवर्क से लेकर बिजली और पानी इंडस्ट्री तक को निशाना बनाने की धमकी ताकत का प्रदर्शन नहीं बल्कि किसी देश के संकल्प के सामने हताशा की निशानी है।