नई दिल्ली। Market Cap: देश की टॉप- 10 मूल्यवान कंपनियों में से 6 कंपनियों के कम्पाइंड मार्केट कैप में पिछले सप्ताह 74,111.57 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। इसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) सबसे ज्यादा लाभ में रहने वाली कंपनी रही।
पिछले सप्ताह BSE का बेंचमार्क इंडेक्स 177.36 अंक यानी 0.23 प्रतिशत बढ़ा। दूसरी ओर, टॉप लूजर की बात करें तो भारती एयरटेल का मार्केट कैप सबसे ज्यादा घटा।
रिलायंस ब्रोकिंग लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) अजीत मिश्रा ने कहा कि बाजार ने सप्ताह का अंत मामूली बढ़त के साथ किया। इस दौरान कारोबार में काफी उतार-चढ़ाव और सीमित दायरे में ट्रेडिंग देखने को मिली।
रुपये की लगातार कमजोरी, वैश्विक संकेतों का मिला-जुला असर, सेक्टोरल रोटेशन और महंगाई व ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता के कारण बाजार में तेज इंट्राडे उतार-चढ़ाव रहा।
टॉप-10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, ICICI बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो (L&T) और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के मार्केट कैप में बढ़त हुई। वहीं एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और हिंदुस्तान यूनिलीवर के मूल्यांकन में गिरावट आई।
रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 24,696.89 करोड़ रुपये बढ़कर 18,33,117.70 करोड़ रुपये हो गया। TCS का वैल्यूएशन 19,338.68 करोड़ रुपये बढ़कर 8,38,401.33 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 14,515.93 करोड़ रुपये बढ़कर 9,06,901.32 करोड़ रुपये हो गया।
LIC का वैल्यूएशन 9,076.37 करोड़ रुपये बढ़कर 5,14,443.69 करोड़ रुपये पहुंच गया। बजाज फाइनेंस का मार्केट कैप 3,797.83 करोड़ रुपये बढ़कर 5,70,515.57 करोड़ रुपये हो गया, जबकि लार्सन एंड टुब्रो का वैल्यूएशन 2,685.87 करोड़ रुपये बढ़कर 5,40,228.21 करोड़ रुपये पहुंच गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, TCS, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर और LIC का स्थान रहा।
दूसरी ओर, भारती एयरटेल का मार्केट कैप 20,229.67 करोड़ रुपये घटकर 11,40,295.49 करोड़ रुपये रह गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का वैल्यूएशन 16,212.18 करोड़ रुपये घटकर 5,17,380 करोड़ रुपये रह गया।
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक का मार्केट कैप 12,784.4 करोड़ रुपये घटकर 8,76,077.92 करोड़ रुपये हो गया। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप भी 2,094.35 करोड़ रुपये घटकर 11,79,974.90 करोड़ रुपये रह गया।

