नई दिल्ली। Gold Price Today:डॉलर इंडेक्स में कमजोरी और कच्चे तेल की कीमत में गिरावट के बीच आज सोने की कीमत में तेजी आई है जबकि चांदी की कीमत में गिरावट आई। एमसीएक्स पर सोने की कीमत में शुरुआती कारोबार में 500 रुपये की तेजी आई है।
जबकि चांदी की कीमत करीब 3,000 रुपये गिरी है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि मिडिल ईस्ट देशों के लीडर्स के अनुरोध पर उन्होंने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला किया है। इससे कच्चे तेल की कीमत में करीब दो फीसदी गिरावट आई है।
एमसीएक्स पर 5 डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,59,401 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था और आज यह 1,59,899 रुपये पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 498 रुपये की तेजी के साथ 1,59,899 रुपये तक गया।
दूसरी ओर चांदी की कीमत में गिरावट आई है। 3 जुलाई की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,76,651 रुपये पर बंद हुई थी। आज शुरुआती कारोबार में यह 2,980 रुपये की गिरावट के साथ 2,73,671 रुपये तक गिरी।
सर्राफा बाजार में भी सोने की कीमत में तेजी आई है जबकि चांदी की कीमत गिरी है। 24 कैरेट वाला सोना 820 रुपये की तेजी के साथ 1,57,040 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है।
22 कैरेट वाला सोना 750 रुपये की तेजी के साथ 1,43,950 रुपये पर पहुंच गया जबकि 18 कैरेट वाला सोना 610 रुपये की तेजी के साथ 1,17,780 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इस बीच चांदी 5,000 रुपये की गिरावट के साथ 2,85,000 रुपये प्रति किलो पर आ गई।
राजधानी में सोने-चांदी का भाव
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतें 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहीं, जबकि चांदी का भाव बढ़कर 2.76 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। यह बढ़ोतरी चांदी के आयात पर ताजा अंकुश और रुपये में कमजोरी के कारण हुई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत में 1,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह शुक्रवार के बंद भाव 2,75,000 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 2,76,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गई। सर्राफा संघ के अनुसार, सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,62,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर अपरिवर्तित रही।

