कोटा। नागरिक चेतना मंच, कोटा द्वारा पूर्व विधायक एवं युवा क्रांतिकारी छात्र नेता स्वर्गीय हरीश शर्मा की पुण्यतिथि पर मंगलवार, 19 मई को श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सायं 4 बजे राजकीय सार्वजनिक मंडल पुस्तकालय सभागार, सीएडी ग्राउंड, दादाबाड़ी रोड स्थित इनकम टैक्स कॉलोनी के सामने आयोजित होगा।
समन्वयक पंकज मेहता ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम सत्र में शाम 4 बजे से 5:30 बजे तक स्वर्गीय हरीश शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित संग्रहित विचारों और संस्मरणों की प्रस्तुति दी जाएगी। इसमें उनके सार्वजनिक जीवन, छात्र राजनीति में योगदान तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रसंगों को साझा किया जाएगा।
समन्वयक शशि प्रकाश गौत्तम ने बताया कि द्वितीय सत्र में शाम 5:30 बजे से 6:30 बजे तक वक्ताओं के उद्बोधन के साथ मुख्य व्याख्यान आयोजित होगा। इस अवसर पर कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो.भगवती प्रसाद सारस्वत द्वारा “राजनीतिक शुचिता समय की आवश्यकता” विषय पर विशेष उद्बोधन दिया जाएगा, जिसमें समकालीन राजनीति में नैतिक मूल्यों एवं पारदर्शिता की आवश्यकता पर विचार रखे जाएंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त आईएसएस अधिकारी पी सी पवन करेंगे। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि तथा हरीश शर्मा के परिजन एवं शुभचिंतक शामिल होंगे। आयोजकों ने नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता कर स्वर्गीय हरीश शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने का आह्वान किया है।

