दो दिन में सेंसेक्स 2,700 अंक से अधिक फिसला
नई दिल्ली। Stock Market, May 12, 2026 : अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के हालिया बयान के बाद पश्चिम एशिया में हालात को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। इससे सेंसेक्स मंगलवार को 1,456.04 अंक गिरकर 74,559.24 पर बंद हुआ तो निफ्टी 436.30 अंक गिरकर 23,379.55 पर आ गया।
दोपहर 3 बजे करीब शेयर बाजार में आज जोरदार बिकवाली देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 1,515 अंक या 1.99 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,499.91 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 50 भी दबाव में रहा और 399.55 अंक यानी 1.68 प्रतिशत गिरकर 23,416.90 पर आ गया। दो दिन में सेंसेक्स 2,700 अंक से अधिक फिसला है।
आज की गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 10 लाख करोड़ रुपये गिरकर 458 लाख करोड़ रुपये रह गया। इस बीच भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 95.62 के ऑल टाइम लो लेवल पर बंद हुआ। सेंसेक्स से 30 शेयरों में से 27 गिरावट के साथ बंद हुए।
टेक महिंद्रा में सबसे ज्यादा 4.40 फीसदी गिरावट रही। अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, टीसीएस, टाइटन, इन्फोसिस, बीईएल, ट्रेंट, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और अल्ट्राटेक सीमेंट में भी 2 से 4 फीसदी तक गिरावट आई। दूसरी ओर एनटीपीसी, एसबीआई और भारती एयरटेल के शेयर मामूली तेजी के साथ बंद हुए।
मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बिकवाली
ब्रोडर मार्केट्स में भी कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स करीब 1.50 प्रतिशत गिरा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 2.07 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इससे साफ है कि बाजार में व्यापक स्तर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है।
सेक्टोरल दबाव
आज के सत्र में कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। इस सेक्टर के इंडेक्स में तेज गिरावट दर्ज की गई, जिसमें प्रमुख कंपनियों पर दबाव देखने को मिला।
कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स की गिरावट में टाइटन कंपनी और डिक्सन टेक्नोलॉजीज जैसे बड़े शेयरों का अहम योगदान रहा। इन कंपनियों के शेयरों में कमजोरी के चलते पूरा सेक्टर दबाव में आ गया और बाजार की गिरावट और गहरी हो गई।

